सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की जिन लोगों ने वर्षों तक सेवा की है, मुंबई की सुरक्षा की है, ऐसे सभी सरकारी कर्मचारियों को उनके हक का घर देंगे। उन्हें घर देकर ही रहेंगे। इस तरह का वचन शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने कल दिया।
बांद्रा (पूर्व) स्थित प्रभाग क्रमांक ९३ की शिवसेना उम्मीदवार रोहिणी कांबले के प्राचार्थ आयोजित सभा को आदित्य ठाकरे संबोधित कर रहे थे। बांद्रा स्थित सरकारी कॉलोनी के पुनर्विकास के विषय में बोलते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार ने बांद्रा की सरकारी कॉलोनी के पुनर्विकास को लेकर प्रभावी निर्णय लिए थे, लेकिन महायुति सरकार ने उसमें बाधा डाली। उन्होंने यह भी कहा कि बीडीडी चॉल के पुनर्वसन के दौरान भी वहां सरकारी कर्मचारियों को घर मिलने वाले थे, पर महायुति सरकार ने उसे रद्द कर दिया।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि बांद्रा की सरकारी कॉलोनी का पुनर्विकास कर वहां के कर्मचारियों को घर दिए जाएं, इसके लिए शिवसेना ने लगातार संघर्ष और आंदोलन किया है। विधानसभा में भी शिवसेना विधायकों ने यह मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाया। इसके बावजूद सरकार ने सरकारी कॉलोनी के पुनर्विकास के लिए कदम क्यों नहीं उठाए, इस प्रश्न का केवल एक ही उत्तर है भाजपा, भाजपा और भाजपा। इन शब्दों में आदित्य ठाकरे ने भाजपा नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर निशाना साधा।
वर्षों से सेवा की
सरकारी कर्मचारी, पुलिस कर्मचारी, मनपा कर्मचारी, अग्निशमन दल के कर्मचारी, बेस्ट कर्मचारी इन सभी ने वर्षों से मुंबई और मुंबईकरों की सेवा की है। इसलिए उन्हें मुंबई में हक का घर मिलना ही चाहिए। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि मुंबई महानगरपालिका में शिवसेना, मनसे, राष्ट्रवादी की युति की सत्ता आते ही पहला निर्णय सरकारी कर्मचारियों के लिए ही लिया जाएगा।
मुंबई में मनपा के साढ़े चार हजार भूखंड
मुंबई में महानगरपालिका के लगभग साढ़े चार हजार भूखंड हैं। महायुति सरकार ने इनमें से कई भूखंड अपने चहेते बिल्डरों को दे दिए हैं। पहले वे जगहें वापस ली जाएंगी और उन्हीं भूखंडों पर इन सभी कर्मचारियों के लिए घर बनाए जाएंगे। इस अवसर पर मंच पर शिवसेना नेता व विधायक एड. अनिल परब, शिवसेना विधायक वरुण सरदेसाई और उम्मीदवार रोहिणी कांबले सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। अनिल परब और वरुण सरदेसाई ने भी अपने संबोधन में बांद्रा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए शिवसेना द्वारा किए गए कार्यों को रेखांकित किया।
