मुख्यपृष्ठनए समाचारग्रीन पार्क सोसायटी के रहिवासियों ने असुरक्षित निर्माण को लेकर उठाई आवाज

ग्रीन पार्क सोसायटी के रहिवासियों ने असुरक्षित निर्माण को लेकर उठाई आवाज

कंपन, धूल और प्रदूषण से नागरिक परेशान, मनपा व पुलिस से कार्रवाई की मांग
प्रेम यादव / भायंदर
काशीमीरा क्षेत्र में स्थित ग्रीन पार्क हाउसिंग सोसायटी के रहिवासियों ने सोसायटी से सटे एक प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है। सोसायटी समिति ने आरोप लगाया है कि उक्त स्थल पर बिल्डर द्वारा अत्यंत लापरवाही और मनमाने तरीके से निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे आसपास के नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर सीधा खतरा उत्पन्न हो गया है।
सोसायटी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों के उपयोग से इमारतों में लगातार तेज कंपन महसूस हो रही है। रहिवासियों का कहना है कि इससे इमारत की संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। इसके साथ ही पूरे परिसर में धूल का गुबार पैâला रहता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। न तो साइट की घेराबंदी है और न ही धूल नियंत्रण या शोर कम करने के कोई उपाय किए गए हैं। भारी मशीनों के कारण वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण में भी भारी वृद्धि हुई है। ग्रीन पार्क हाउसिंग सोसायटी समिति ने इस संबंध में मीरा-भायंदर महानगरपालिका के आयुक्त एवं प्रभाग क्रमांक ६ में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही, काशीमीरा पुलिस स्टेशन में भी शिकायत देकर नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है।
सोसायटी के रहिवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक सभी सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन नहीं किया जाता, तब तक उक्त निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई गंभीर दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह होगा कि मनपा और पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कदम उठाता है।

अन्य समाचार