मुख्यपृष्ठनए समाचारवाराणसी में बारिश से सड़क बदहाल...सपा नेता अजय फौजी ने सड़क पर...

वाराणसी में बारिश से सड़क बदहाल…सपा नेता अजय फौजी ने सड़क पर भरे गंदे पानी में लेटकर किया विरोध प्रदर्शन

उमेश गुप्ता / वाराणसी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नैपुरा से रमना को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में है। इस मार्ग पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें घरों का गंदा पानी भरा है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को वार्डवासियों की नाराजगी फूट पड़ी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अजय फौजी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने सड़क पर भरे गंदे पानी में लेटकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत की मांग उठाई गई।
अजय फौजी ने कहा कि काशी देश के प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और मुख्यमंत्री भी इन दिनों काशी में मौजूद हैं, लेकिन अफसरों को यहां के हालात दिखाई नहीं दे रहे। मार्ग पर बने गड्ढों में सीवर का गंदा पानी भरा है, जिससे यहां से गुजरने वाले लोग, खासकर बच्चे और बुजुर्ग, लगातार गिरकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सावन मास में जब श्रद्धालु भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए हाथ में दूध और गंगाजल लेकर निकलेंगे तो क्या इसी रास्ते से गुजरेंगे? उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर यही क्योटो का सपना दिखाया गया है, तो हमें ऐसा क्योटो नहीं चाहिए।
नैपुरा-रमना मार्ग से एसटीपी प्लांट करसड़ा और कई विद्यालयों तक लगभग 5,000 लोगों का रोज़ाना आवागमन होता है। वार्डवासियों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों का धैर्य अब जवाब दे गया है। अजय फौजी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द इस मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई, तो सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।

अन्य समाचार