भारत और न्यूजीलैंड के बीच राजकोट में खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मैच के बीच एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए मैदान में घुस गया और सीधे विराट कोहली को गले लगाने पहुंच गया। अचानक हुई इस घटना से कोहली कुछ पल के लिए हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने तुरंत मैच अधिकारियों से उस फैन के साथ नरमी बरतने की अपील की। इसके बावजूद, जब उस युवक को मैदान से बाहर ले जाया गया, तो एक वीडियो में एक सुरक्षा अधिकारी उसे थप्पड़ मारते हुए नजर आया। यह दृश्य सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। मैच की बात करें तो भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिससे सीरीज १-१ की बराबरी पर आ गई।
विराट कोहली २३ रन बनाकर आउट हो गए, जबकि केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ा। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने नाबाद १३१ रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। तीसरा और निर्णायक मुकाबला इंदौर में खेला जाएगा।
