मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी जी से कहिए, आरोपी नंबर ४ ज्ञानेश कुमार को हटाएं

मोदी जी से कहिए, आरोपी नंबर ४ ज्ञानेश कुमार को हटाएं

-३० सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा; राहुल गांधी का एलान
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली में १ नवंबर की रैली को लेकर अड़े हुए हैं। उन्होंने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सरकार को घेरा है। राहुल ने दिल्ली के व्यापारियों की अपील को लेकर एक्स पर पोस्ट में कहा कि सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने पर ही आंदोलन खत्म हो सकता है।
राहुल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘दिल्ली के हर व्यापारी से हम प्यार करते हैं, आपकी बात सुन रहे हैं। मेट्रो सरकार ने बंद की, सड़कें सरकार ने सील कीं, राजधानी पर ताला सरकार ने लगाया। जब वोट ही चोरी हो जाए, तो कुछ भी सुरक्षित नहीं-न आपकी दुकान, न आपकी बचत, न आपके बच्चों का भविष्य। मोदी जी से कहिए, आरोपी नंबर ४, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, ३० सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।’
सीटीआई ने राहुल गांधी को लिखा था पत्र
बता दें कि व्यापारिक संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने राहुल गांधी को १० हजार करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका वाला पत्र लिखा था। सीटीआई ने बताया कि दिवाली के दौरान कारोबारी गतिविधियों पर संभावित असर और १० हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका को लेकर संगठन राहुल गांधी को २४ अक्टूबर को ही पत्र लिख चुका है।
अब खड़गे को लिखे पत्र में भी संगठन ने रैली की तारीख बदलने की अपील दोहराई है।
सीटीआई का दावा है कि अक्टूबर में धरने-प्रदर्शनों के कारण दिल्ली के व्यापारियों को करीब ३ हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। संगठन को आशंका है कि अगर दिवाली के पीक सीजन में भी यातायात और बाजारों की आवाजाही प्रभावित हुई, तो कुल कारोबारी नुकसान १० हजार करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है।

अन्य समाचार