एम एन एस
खंडवा में पुलिस की ऐसी कार्रवाई सामने आई है कि सुनकर यमराज भी पूछ बैठें; भाई, अब इसे अदालत में पेश कौन करेगा? करीब दो महीने पहले सड़क दुर्घटना में जान गंवा चुके युवक के खिलाफ पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। युवक की बाइक एक सूअर से टकराई थी और हादसे में उसकी मौत हो गई थी। अब मृतक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दुर्घटना की जांच में मृत चालक की जिम्मेदारी निर्धारित करना और किसी जीवित आरोपी पर मुकदमा चलाना अलग कानूनी विषय हैं। मगर मामला चर्चा में जरूर है। हाऊऊऊ! आदमी दुनिया से चला गया, लेकिन पुलिस की फाइल ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। अब तारीख पर हाजिरी कौन लगाएगा; आत्मा या एफआईआर?
सड़क को बनाया बर्थडे पार्टी हॉल,
तहसीलदार साहब की रील पर पुलिस ने काटा
चालान नहीं, दर्ज किया केस!
छत्तीसगढ़ में एक नायब तहसीलदार का जन्मदिन मनाने का अंदाज चर्चा में आ गया। सड़क पर कार खड़ी की गई, उसकी डिक्की पर केक सजाया गया और फिल्मी गाने पर रील बनाई गई। मगर साहब का यह जश्न सोशल मीडिया तक पहुंचा तो मामला पुलिस तक भी पहुंच गया। खबर के अनुसार, बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने के मामले में केस दर्ज किया गया है। अब सवाल उठ रहा है कि जिन अधिकारियों से नियमों का पालन कराने की उम्मीद की जाती है, वे खुद सार्वजनिक सड़क को निजी समारोह का मंच वैâसे बना सकते हैं? साहब ने सोचा था बर्थडे पर लाइक मिलेंगे, मगर पुलिस ने एफआईआर का सरप्राइज गिफ्ट दे दिया!
