मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाराष्ट्र कैबिनेट बैठक में तनाव

महाराष्ट्र कैबिनेट बैठक में तनाव

-वायरल ऑडियो क्लिप से गरमाई महाराष्ट्र की राजनीति, बीजेपी-शिंदे गुट में मनमुटाव; राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में होगा हंगामा!

सामना संवाददाता / मुंबई

मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील द्वारा सामने लाई गई एक वायरल ऑडियो क्लिप के कारण महाराष्ट्र की राजनीति में भारी हलचल मच गई है। इस ऑडियो क्लिप को लेकर सत्ताधारी महायुति के प्रमुख घटक दलों, भारतीय जनता पार्टी और शिंदे गुट के बीच राजनीतिक विवाद भड़क उठा है, जिससे आगामी राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बेहद हंगामेदार रहने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
जरांगे पाटील द्वारा जारी की गई इस ऑडियो क्लिप में यह गंभीर दावा किया गया है कि मराठा आंदोलन को कमजोर करने के लिए पर्दे के पीछे किस तरह साजिशें रची गर्इं। साथ ही, बीजेपी नेताओं की बातचीत में उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के जरिए ५०० करोड़ रुपये देने की चर्चा होने का दावा भी किया गया है। इस प्रकरण से महायुति में भारी बेचैनी फैल गई है। शिंदे गुट के वरिष्ठ नेता रामदास कदम ने सीधे तौर पर बीजेपी के एक गुट पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि यह उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव से घबराकर उन्हें राजनीति से खत्म करने की साजिश है।
दूसरी ओर, बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि यह ऑडियो क्लिप फर्जी है और इसे एआई की मदद से तैयार किया गया है। इस विवाद का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने इस पूरी ऑडियो क्लिप की गहन फॉरेंसिक जांच के आदेश दिए हैं।
चुनाव की देहरी पर इस तरह की क्लिप सामने आने के पीछे आखिर असली मकसद क्या है, यह सवाल खड़ा हो गया है।
सहयोगी दलों के बीच बढ़ती तल्खी और आमने-सामने के आरोपों के चलते राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रियों के बीच तीखी बहस होने की आशंका जताई जा रही है।

अन्य समाचार