-सलमान के बाद आमिर खान भी शूटरों के निशाने पर होने का दावा
-बांद्रा स्थित पुराने घर की रेकी का खुलासा, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले से जुड़ रही जांच की कड़ियां
सामना संवाददाता / मुंबई
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान को लेकर जांच एजेंसियों और सुरक्षा हलकों से एक बेहद सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। मुंबई में हाल ही में सामने आए फायरिंग और गैंगवॉर के मामलों की पड़ताल के दौरान पता चला है कि अभिनेता सलमान खान के बाद शूटरों की हिट लिस्ट में आमिर खान का नाम भी प्रमुखता से शामिल था। चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावर बांद्रा स्थित आमिर खान के पुराने आवास की रेकी करने भी पहुंचे थे, लेकिन वहां अभिनेता के न मिलने के कारण उनका खौफनाक मंसूबा नाकाम हो गया। इसके बाद शूटरों ने अपना प्लान बदला और दूसरे टारगेट के रूप में टाइगर श्रॉफ को निशाना बना डाला।
बांद्रा छोड़कर साउथ मुंबई शिफ्ट हो चुके थे आमिर, शूटरों का दांव पड़ा उल्टा
सुरक्षा एजेंसियों से जुड़ी रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटरों ने आमिर खान पर हमले की साजिश रचते हुए उनके बांद्रा स्थित आवास की कई दिनों तक रेकी की थी, ताकि उनकी गतिविधियों और आवाजाही के समय की जानकारी जुटाई जा सके। हालांकि, हमलावरों को इस बात की भनक नहीं थी कि आमिर खान पहले ही बांद्रा छोड़कर साउथ मुंबई (दक्षिण मुंबई) में शिफ्ट हो चुके हैं। जिस वक्त शूटर बांद्रा में घात लगाकर मौके की तलाश कर रहे थे, वहां आमिर मौजूद ही नहीं थे। अपने प्राथमिक टारगेट का पता न चलने पर गैंग ने रणनीति बदलते हुए दूसरे स्टार्स की तरफ रुख किया।
आमिर नहीं मिले तो टाइगर श्रॉफ पर दागीं गोलियां, बाल-बाल बची जान
आमिर खान के ठिकाने पर न मिलने के बाद शूटरों ने अपने बैकअप प्लान के तहत एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ को निशाने पर ले लिया। बीते दिनों जब टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे, तब बाइक सवार तीन शूटरों ने उनकी बीएमडब्ल्यू कार पर अंधाधुंध कई राउंड गोलियां बरसा दी थीं। उस हमले में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर और पास में मौजूद एक अन्य राहगीर को गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस फायिंरग की जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने ली थी।
शाहरुख, अमिताभ और अक्षय कुमार भी रडार पर? बॉलीवुड में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर हुई फायरिंग के बाद अब आमिर खान और टाइगर श्रॉफ से जुड़े इन खुलासों ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जांच के दौरान सामने आया है कि सिंडिकेट से जुड़े गिरोहों के रडार पर शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे दिग्गज सितारे भी संभावित निशाने के तौर पर शामिल रहे हैं। मुंबई पुलिस और खुफिया एजेंसियां इन सभी इनपुट्स की गहनता से तफ्तीश कर रही हैं और एहतियात के तौर पर बॉलीवुड के तमाम ए-लिस्टर सितारों के आवासों व आवाजाही के रूटों पर सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है।
