भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में हाथ न मिलाने जैसी घटना देखी गई थी, अब वैसा ही टशन टेनिस कोर्ट पर भी देखने को मिला है। रूसी टेनिस स्टार मिर्रा एंड्रीवा ने फ्रेंच ओपन में यूक्रेन की मार्टा कोस्त्युक को ६-१, ६-३ से हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाई। जीत के बाद उन्होंने विरोधी खिलाड़ी से न तो हाथ मिलाया और न ही फोटो खिंचवाया। १९ साल की युवा सनसनी एंड्रीवा ने मैच में जीत हासिल कर अपने करियर का सबसे बड़ा पल हासिल किया। यह पहला मौका था, जब वो किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची। सेमीफाइनल मैच से पहले ही ये बात साफ हो चुकी थी कि दोनों ही देश के खिलाड़ियों के बीच हाथ नहीं मिलाया जाएगा। मैच के बाद दोनों के बीच कोई हैंडशेक नहीं हुआ और कोस्त्युक जल्दी से कोर्ट छोड़कर चली गईं। उन्होंने दर्शकों की ओर हाथ हिलाया और किसेस भेजीं। मैच से पहले माहौल थोड़ा तनावपूर्ण था क्योंकि दोनों खिलाड़ियों की अलग-अलग फोटो खींची गई, वे दोनों नेट के अपने-अपने तरफ दो बच्चों के साथ खड़ी थीं। आमतौर पर खिलाड़ी एक ही फोटो में नेट के पास साथ खड़े होते हैं।
