सामना संवाददाता / मुंबई
सेक्सटार्शन के नाम पर एक्सटार्शन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति-पत्नी ने मिलकर एक ३५ वर्षीय महिला को घर पर खाने की दावत दी। खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर पीड़िता को बेहोश कर दिया गया। होश खो बैठी पीड़िता के साथ आरोपी ने रेप किया। इस दौरान आरोपी की पत्नी ने वीडियो बनाया। पीड़िता को जब होश आया तो पाया कि उसके शरीर से जेवरात गायब हैं। पीड़िता ने जब अपने गहनों के बारे में पूछा तो आरोपी और उसकी पत्नी ने उसका अश्लील वीडियो दिखाते हुए खामोश रहने की धमकी दी। बात यहीं खत्म नहीं हुई।
बताया जाता है कि आरोपी पीड़िता का अश्लील वीडियो दिखाकर ८ महीनों तक सेक्सटार्शन किया और तकरीबन ११ लाख रुपए ऐंठ लिए। बात हद से ज्यादा गुजर गई और पैसों की डिमांड बढ़ती गई तो पीड़िता ने तंग आकर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अंधेरी स्थित एक बीमा कंपनी में मैनेजर पोस्ट पर कार्यरत था। उसकी दोस्ती उसी बीमा कंपनी की नागपुर ब्रांच की महिला मैनेजर से हुई। कुछ दिनों तक दोनों की फोन पर बातचीत होती रही। एक दिन ३२ वर्षीय महिला मैनेजर मुंबई पंहुची। आरोपी ने उसे अपने पनवेल स्थित घर पर खाने की दावत पर बुलाया और उसके साथ घिनौनी हरकत की। आरोपी लगातार ब्लैकमेलिंग और पैसों की वसूली करता रहा तो पीड़िता ने सारी हकीकत अपने पति से बता दी। पति ने नागपुर के सीता बर्डी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। नागपुर पुलिस ने पनवेल शहर पुलिस स्टेशन को केस ट्रांसफर किया। पनवेल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और फरार पत्नी की तलाश कर रही है।
