हिमांशु राज
फिल्म पिंकी ब्यूटी पार्लर और वेब सीरीज़ नाम गुम जायेगा के निर्देशक और अभिनेता अक्षय सिंह ने शाहरुख खान के 60वें जन्मदिन पर उन्हें अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया। अक्षय ने कहा कि शाहरुख सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं बल्कि साहस और सपनों की मिसाल हैं। उन्होंने बताया कि शाहरुख ने हमें यह सिखाया कि हर बाहरी व्यक्ति भी मेहनत और हिम्मत से बॉलीवुड में अपनी जगह बना सकता है।अक्षय ने मुस्कुराते हुए कहा, “शाहरुख खान ने जब ‘बाज़ीगर’, ‘डर’ और ‘अंजाम’ जैसी फिल्मों से करियर की शुरुआत की, तब किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा नकारात्मक किरदार निभाने वाला कलाकार रोमांस का बादशाह बनेगा। मगर उन्होंने हर जोखिम को अवसर बनाया।”उन्होंने आगे कहा कि शाहरुख हर पीढ़ी से जुड़े हुए हैं – बच्चे उन्हें पसंद करते हैं, युवा उन्हें आइकन मानते हैं और बुजुर्ग उन्हें आशीर्वाद देते हैं। “वह 60 वर्ष के नहीं, बल्कि 60 वर्ष युवा हैं, जो हर दिन खुद को नया बनाते हैं,” अक्षय ने कहा।उन्होंने शाहरुख को भावना बताते हुए कहा, “जब वे बाहें फैलाते हैं, तो ऐसा लगता है जैसे पूरी दुनिया को गले लगा लिया हो। उनकी मुस्कान उम्मीद देती है, और सफलता हर सपने देखने वाले को प्रेरणा।” अपनी पसंदीदा फिल्म के रूप में उन्होंने चक दे! इंडिया का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह फिल्म बिना रोमांस के भी दर्शकों के दिल जीत लेती है।
