रवींद्र मिश्रा / मुंबई
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर अंधेरी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मरीजों की सेवा में समर्पित चिकित्सकों के सम्मान का प्रेरक आयोजन किया गया। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवा को समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए डॉक्टरों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सराहा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शिवसेना उपविभाग प्रमुख शरद सखाराम जाधव ने किया।
इस अवसर पर शरद जाधव ने घोषणा की कि विधानसभा क्षेत्र के कुल 101 चिकित्सकों का सम्मान करने की योजना बनाई गई है। अभियान के पहले चरण में शिवसेना शाखाओं के अंतर्गत आने वाले निजी दवाखानों और नर्सिंग होम में सेवाएं दे रहे 21 चिकित्सकों को शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉक्टरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शरद जाधव ने कहा कि “डॉक्टर केवल बीमारियों का इलाज नहीं करते, बल्कि निराशा के बीच लोगों में जीवन जीने की नई उम्मीद भी जगाते हैं। समाज के प्रति उनके समर्पण और सेवा भावना का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।”
सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. अविनाश राव, डॉ. नासीर मुल्ला, डॉ. अंकित रावल, डॉ. अक्षय मुले, डॉ. गजानन गुप्ता, डॉ. इकबाल हुसैन, डॉ. प्रतीक पाठक, डॉ. (श्रीमती) विनाली तुरेकर, डॉ. (श्रीमती) सुचिता पावसकर, डॉ. अशोक घोंडगे, फूलचंद कोठारी, जयेश शाह, संजय बाबर, विवेक देशपांडे, कौशिक मेहता, डॉ. दिनेश यादव, डॉ. मुर्शलीन शेख, डॉ. प्रीति व्यास तथा डॉ. अमी देवकर सहित अन्य चिकित्सकों का समावेश रहा।
कार्यक्रम में शिवसेना उपविभाग प्रमुख प्रसाद आयरे, शाखा प्रमुख दयानंद कड्डी, महाराष्ट्र रिक्शा चालक सेना के सहसचिव प्रशांत घोलप, कार्यालय प्रमुख शैलेश इरले, उपशाखा प्रमुख जितेंद्र मिस्त्री, नितिन दाभोलकर, श्रीमती करुणा जोगलेकर सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस प्रतिवर्ष 1 जुलाई को देश के प्रख्यात चिकित्सक, शिक्षाविद् और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र राय की स्मृति में मनाया जाता है। इस अवसर पर समाज को स्वस्थ रखने में डॉक्टरों की भूमिका को याद करते हुए विभिन्न संस्थाएं उन्हें सम्मानित करती हैं। अंधेरी में आयोजित यह सम्मान समारोह भी चिकित्सकों के प्रति समाज के सम्मान और कृतज्ञता का सशक्त संदेश बनकर सामने आया।
