इनकी तानाशाही के खिलाफ बंगाल में ममता बनर्जी सड़कों पर उतरी हैं। पूरा बंगाल इनके विरोध में खड़ा है। तो फिर छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू–फुले–आंबेडकर का महाराष्ट्र क्या इनके दमन के सामने चुप बैठ जाएगा? जिस महाराष्ट्र ने देश को दिशा दी, उसकी दुर्दशा करने वालों के हाथों में क्या आप फिर से अपना भविष्य सौंपने वाले हैं?-उद्धव ठाकरे
यहां ठेकेदारों को काम शुरू होने से पहले ही अग्रिम भुगतान दे दिया जाता है। इस ‘अग्रिम भुगतान’ को समझिए। मुंबई में भी इन्होंने यही किया। तीन लाख करोड़ रुपए अग्रिम में दिए। काम के नाम पर दिया गया यही पैसा वापस निकालकर लोगों में बांटा जाता है। इसलिए फैसला आपको ही करना है। चुनाव जीत–हार का नहीं, बल्कि जनता के जीवन, उनके बच्चों के भविष्य और महाराष्ट्र के भाग्य का फैसला करने वाला है।-राज ठाकरे
सामना संवाददाता / नासिक
प्रभु श्रीराम की तपोभूमि नासिक से कल शिवसेना–मनसे गठबंधन की संयुक्त चुनावी सभा का जोरदार आगाज हुआ। नासिक के ऐतिहासिक शहीद अनंत कान्हेरे मैदान में आयोजित इस विराट सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। यहां शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने नासिक के सर्वांगीण विकास का संकल्प जनता के सामने रखा।
ठाकरे बंधुओं ने गर्जना करते हुए कहा कि यह वचननामा कोई छपा हुआ रंगीन कागज नहीं है। यह फर्जी मोदी गारंटी नहीं है। यह ठाकरे का शब्द है और ठाकरे जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। इतना कहते ही जनसमूह से आशीर्वाद के हजारों हाथ आसमान की ओर उठ गए। पहली ही संयुक्त प्रचार सभा में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में सत्ताधारियों द्वारा चलाए जा रहे तोड़फोड़, निर्विरोध चुनाव, दमन, धनबल और ब्लैकमेलिंग की राजनीति पर करारा हमला बोला। यह सभा सत्ताधारियों की नींव हिलाने वाली साबित हुई।
हां, हम सत्ता के लिए साथ आए हैं..हम जनता का विकास, भविष्य और बेहतर कल चाहते हैं…
उद्धव ठाकरे का भाजपा को दो टूक
भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे ने दो टूक कहा कि हां, हम सत्ता के लिए एक साथ आए हैं। तो क्या तुम सब छुपन-छुपाई खेलने के लिए एक साथ आए हो? हम सत्ता के लिए आए हैं, लेकिन यह सत्ता हम जनता का विकास, भविष्य और बेहतर कल के लिए चाहते हैं। भाजपा के निष्ठावानों के लिए दुख होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ-फरेब से लोगों की आंखों पर धर्म की ऐसी पट्टी बंधी है कि लोग अंधभक्त हो जाएं। भ्रष्टाचारियों और गद्दारों को भाजपा में जमकर शामिल किया जा रहा है और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की छंटनी हो रही है। भाजपा नेता देवयानी फरांदे का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में निष्ठावानों की अब कोई कदर नहीं है। खुद को देश की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भाजपा अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं की छंटनी कर रही है और आयातित नेताओं के सहारे चल रही है।
अस्तित्व की चिंता मत करो
उद्धव ठाकरे ने अस्तित्व की लड़ाई वाले सवालों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हमसे बार-बार पूछा जाता है कि क्या यह आपकी अस्तित्व की लड़ाई है। मैं साफ कहता हूं। हमारे अस्तित्व की चिंता मत करो। हमने कई चुनावों में हार झेली है, जीत बहुत कम मिली है। फिर भी इतने पराजयों के बावजूद हम मजबूती से खड़े हैं। इसलिए हमारे भविष्य की चिंता करने की जरूरत नहीं है। नासिक में हुई ठाकरे बंधुओं की संयुक्त जनसभा को ऐतिहासिक प्रतिसाद मिला। इस सभा में शिवसैनिकों और मनसे सैनिकों की जबरदस्त उमड़ी भीड़ ने सत्ताधारियों को चिंता में डाल दिया। इस सभा ने साफ संकेत दिया है। ठाकरे बंधुओं की एकजुटता ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई ऊर्जा और नया आक्रामक मोर्चा खोल दिया है। भाजपा खेमे में बेचैनी बढ़ना स्वाभाविक है।
