सुनील ओसवाल / मुंबई
नई मुंबई में कल मतदान के दिन ऐरोली इलाके में एक गंभीर घटना ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी। ‘गद्दार’ को वहां जोर का झटका लगा है। शिंदे गुट के प्रत्याशी एम. के. मढवी तथा उनके पुत्र करण मढवी को रबाले पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर कुछ युवकों पर हमला किया। इस घटना के कारण शिंदे गुट को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है, ऐसा माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर मारपीट, धमकी देने, भीड़ जमा करने, शांति भंग करने, संपत्ति का नुकसान और जानबूझकर कानून का उल्लंघन करने समेत नौ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यदि शस्त्र का उपयोग पाया गया तो सजा बढ़ सकती है। घटना ऐरोली सेक्टर १६ के बाहर हुई, जहां वैâरम खेल रहे सुनील केदार और चार अन्य युवकों पर मढवी परिवार ने हमला किया। इसके साथ ही आरोपियों ने धमकियां भी दीं।
सीसीटीवी फुटेज
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास उपलब्ध है। गिरफ्तारी रात में हुई और दोनों आरोपी एनआरआई थाने में हिरासत में रखे गए हैं। एम. के. मढवी, करण मढवी और विनया मढवी सभी शिंदे गुट के उम्मीदवार हैं और चुनाव में सक्रिय हैं। ऐरोली–दिघा क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है, ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस हिंसक घटना ने इलाके में चिंता और खलबली पैदा कर दी है। इस प्रकरण के बाद प्रशासन और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
