-क्षेत्रवासियों ने मचाया शोर तो पुलिस-प्रशासन ने रुकवाया
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
यूपी के सुल्तानपुर शहर में सीएम योगी की हनक को नजरंदाज कर सार्वजनिक नाले पर एक मस्जिद का विस्तार कर वजूखाना बनाए जाने का प्रकरण प्रकाश में आया है। जिम्मेदार विभाग व प्रशासन यूं तो खामोश था, लेकिन जब इलाके के लोगों ने शोर मचाया, सोशल मीडिया पर खबर फैली तो आनन-फानन अफसरों ने निर्माण को रुकवा दिया है।
प्रकरण सुल्तानपुर जिले के मुख्यालय स्थित नार्मल चौराहा की मस्जिद के नवनिर्माण को लेकर है। कुछ दिनों से जीर्णोद्धार कर आलीशान मस्जिद बन रही है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण कर वजूखाना बनाया जा रहा है, जिससे मुहल्ले की जलनिकासी बाधित होने की आशंका है। स्थानीय मुहल्लेवासियों ने निर्माण का विरोध करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में नाले पर निर्माण की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्य को रुकवा दिया। वहीं पालिका के इलाकाई जिम्मेदारों ने न अपने उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी और न ही कोई एक्शन लिया, जबकि पालिका परिषद में भी भाजपा का ही वर्चस्व है। बता दें कि शहर में सिर्फ नार्मल चौराहे के इर्द-गिर्द ही नहीं अनेक स्थानों पर नाला-नालियों पर बेख़ौफ़ अतिक्रमण किया जा रहा है।
