मुख्यपृष्ठनए समाचारचक धूम-धूम समर कैंप का छठा दिन... भूमि पूजन के साथ कबड्डी विधा...

चक धूम-धूम समर कैंप का छठा दिन… भूमि पूजन के साथ कबड्डी विधा का शुभारंभ…खेल एवं फन गेम्स में बच्चों ने दिखाया उत्साह

अनिल मिश्र / पटना

किलकारी बिहार बाल भवन, गया में आयोजित “चक धूम-धूम समर कैंप–2026” के छठे दिन बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दिन की शुरुआत कबड्डी विधा से जुड़े बच्चों द्वारा भूमि पूजन के साथ हुई। पारंपरिक विधि-विधान के साथ खेल मैदान का पूजन कर बच्चों ने कबड्डी प्रशिक्षण की शुरुआत की। इसके साथ ही समर कैंप में कबड्डी खेल विधा का नियमित संचालन प्रारंभ हुआ, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
दिनभर खेल परिसर में बच्चों की ऊर्जा और उमंग देखने को मिली। कबड्डी के साथ-साथ खो-खो, एथलेटिक्स एवं अन्य खेल गतिविधियों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने खेलों की बारीकियों को सीखा तथा टीम भावना, अनुशासन और खेल कौशल का अभ्यास किया।समर कैंप के अंतर्गत आयोजित फन गेम्स भी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहे। आज के विशेष फन गेम “डांस रेस” में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संगीत की धुनों पर दौड़ और नृत्य का अनूठा संगम बच्चों के लिए मनोरंजन और आनंद का माध्यम बना। बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ खेल में भाग लिया, जिससे परिसर में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहा।इस अवसर पर प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को खेलों में नियमित भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
वहीं सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को उनकी रुचि के अनुरूप सीखने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि पारंपरिक खेलों के साथ-साथ फन गेम्स और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि किलकारी का यह मंच उनकी प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अन्य समाचार