मुख्यपृष्ठअपराधसुल्तानपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर शातिर चोर-बदमाशों के गैंग को धरदबोचा

सुल्तानपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर शातिर चोर-बदमाशों के गैंग को धरदबोचा

-अवध के कई जिलों में करते थे वारदात

– लाखों के गहने व नकदी बरामद…गिरोह का मास्टरमाइंड सर्राफ फरार

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

अवध के जिलों में सक्रिय चोर-बदमाश के एक बड़े गिरोह का सुल्तानपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के चार सदस्यों को लाखों के कीमती सोने-चांदी के जेवरात व नकदी के साथ दबोच लिया है। अपराध करके गिरोह द्वारा हासिल किये गए सोने चांदी जेवरात को ठिकाने लगाने वाले सुल्तानपुर शहर के एक सर्राफ को भी पुलिस तलाश कर रही है। हालांकि, वो दबिश की भनक पाकर फरार हो गया है। यह गिरोह लंबे समय से सुलतानपुर एवं पड़ोसी जनपदों में चोरी व अन्य वारदातों को अंजाम दे रहे थे। सुल्तानपुर की पुलिस कप्तान चारू निगम ने इन दिनों अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान छेड़ रखा है।
शनिवार को कप्तान निगम ने प्रेस मीट में बताया कि सुल्तानपुर की कुड़वार थाना पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त ऑपरेशन में किरतूपुर कला तिराहा से चार शातिर चोर बदमाशों जावेद अहमद, अजीम कुरैशी, आदिल व अजय कोरी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात के पहले वे कई दिनों तक संभावित मकानों और आस-पास के क्षेत्रों की रेकी करते थे। इस दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करते थे, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। चोरी के बाद माल को ठिकाने लगाने के लिए सुनारों की मदद ली जाती थी। पुलिस ने मामले में एक सर्राफा कारोबारी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। सुल्तानपुर पुलिस का दावा है कि सुल्तानपुर सिटी में डॉक्टर संजय मिश्र के आवास पर हुई बड़ी चोरी सहित जयसिंहपुर, कुड़वार तथा प्रतापगढ़ जनपद के कई क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। कई घटनाओं का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया गया है। गिरोह के सदस्यों के पास से २.४० लाख रुपए नकद, सोने के चार हार, अंगूठियां, झुमके, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण, चांदी के पायल, बिछिया, कमरबंद व अन्य जेवरात बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। सभी हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं।
गिरोह की धरपकड़ में कुड़वार थाना प्रभारी प्रवीन यादव, एसओजी टीम प्रभारी शिवानंद, उपनिरीक्षक दिनेश यादव, उपनिरीक्षक अविनाश चंद्र चौकी प्रभारी शाहगंज आदि शामिल रहे। पुलिस कप्तान ने इस गुडवर्क पर पुलिस टीम को २५ हजार रुपये के इनाम का एलान किया है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।

अन्य समाचार