रमेश ठाकुर/ नई दिल्ली
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में रहने वाले एक रिटायर्ड बुजुर्ग इंजीनियर के साथ साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर डेढ करोड़ रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, ठगों ने पीड़ित से ऑनलाइन संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश का झांसा दिया। निवेश के लिए उन्होंने एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा,जिसमें मुनाफे की रकम के रूप में लगभग 5 करोड़ रुपये दिखाई जा रहे थे। इससे प्रभावित होकर बुजुर्ग इंजीनियर ने 22 बार में अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.30 करोड़ रुपये जमा कराए। जब पीड़ित ने मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने और पैसा डालने का दबाव बनाया। संदेह होने पर जब उन्होंने पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो ठगों ने संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। बीते कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में इस तरह के मामलों में काफी तेजी आई है। धरपकड़ के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
पुलिस का कहना है कि संबंधित बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी एकत्र की जा रही है। साथ ही ठगों के इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और ऐप की तकनीकी जांच कर आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है।
