मनोज वार्ष्णेय
भारत में सबसे ज्यादा सुरक्षित माने जानेवाले रेल सफर की भी यह हकीकत है कि साल २०२३ में कुल २४,६७८ दुर्घटनाएं हुर्इं, जिनमें २१,८०३ लोग मारे गए मगर इन मरनेवालों में करीब ७३ फीसदी लोग दुर्घटनाओं के दौरान नहीं, बल्कि रेलगाड़ियों से गिरकर या गलत ढंग से ट्रैक पर चलने के कारण मौत का शिकार हुए। कहने का मतलब यह है कि बाकी अन्य यातायात के साधनों से कम खतरनाक होने के बावजूद रेलगाड़ियों से हर साल २० हजार से ज्यादा लोग मारे जाते हैं। यह हमारे पास सबसे नजदीकी सरकारी आंकड़ा है, वास्तविकता इससे भी भयावह हो सकती है। पिछले २४ घंटों के अंदर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तथा उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुई दो ट्रेन दुर्घटनाओं में २० लोग मारे गए हैं और इससे ज्यादा लोग घायल हुए हैं, लेकिन इन दुर्घटनाओं से कहीं ज्यादा रेलवे का सफर अब अपने सोशल बिहेवियर के कारण भी खतरनाक होता जा रहा है।
बदनामी भी
जिस गति से रेलवे तरक्की कर रहा है, उसी गति से रेलवे की बदनामी भी विकास कर रही है। अगस्त २०२७ तक भारत में मुंबई से अमदाबाद तक हाई स्पीड ट्रेन दौड़ने लगेगी, स्पीड होगी ३२० किलोमीटर प्रति घंटा। इससे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, जो वर्ष २०१९ से लगभग १३० किलोमीटर की स्पीड से दौड़ रही है, इसका जाल पूरे देश में बिछ सा गया है। राजधानी, शताब्दी, गरीब रथ, तेजस जैसी रेलें भी हैं और तो और इस वर्ष मिजोरम में भी रेल पहुंच गई तथा भारत का स्वर्ग कश्मीर भी अब इससे सीधा जुड़ गया है, पर शर्मनाक यह कि जितनी गति इनकी रेल विकास नेटवर्क की है, उससे तेज गति यात्रियों के साथ हो रही बदसलूकी तथा बदइंतजामी की है।
पहले जनरल डिब्बों में चोरी, झगड़े आम थे, पर अब यह आरपीएफ के सामने रेलवे स्टेशनों पर हो रहे हैं। सरकार के मुंह मांगे दाम देकर यात्रा करनेवाला यात्री अब तक की सबसे तेज दौड़नेवाली वंदे भारत में अपनी जान कब गंवा देगा, कोई नहीं जानता। इन ट्रेनों की दशा भी उन्हीं पैसेंजर ट्रेनों की सी हो गई है, जो हर स्टेशन पर रुकती हैं और कई बार रेल की स्पीड से तेज यमराज आकर ले जाते हैं बीमार यात्री के प्राण। देश की जीवन रेखा रेलवे में जिसके कारण करोड़ों लोगों का जीवन चल रहा है और देश को सुविधाओं के लिए हजारों करोड़ रुपए मिलते हैं में लगने लगा है कि अब हम अपने सामान और सम्मान के प्रति खुद ही जागरूक और सावधान रहें।
खैर, कोई बड़ी बात नहीं है कि रेल में सीट के आसपास यह लिखा मिले-यात्री अपने सामान के साथ अपने सम्मान की भी खुद ही रक्षा करें, पर ऐसा क्यों होगा यह जानने के लिए दो उदाहरण देख लीजिए। पहला उदाहरण है जबलपुर का। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने समोसा वेंडर से समोसा खरीदा और उसे यूपीआई से पेमेंट किया, लेकिन भुगतान नहीं हो पाया और रेल ने चलने की सीटी दे दी। समोसा विक्रेता ने न सिर्फ अपने पैसे लेने के लिए यात्री का कालर पकड़ा, बल्कि उसकी घड़ी उतार ली। अगर इसका वीडियो मोबाइलों पर नहीं दिखता तो तय था कि यात्री अपनी इज्जत के साथ ही अपने सामान से भी हाथ धो बैठता और सदमे में रहता। यह बात दीगर है कि उस विक्रेता को रेलवे अफसरों ने दंडित किया। एक घटना और है। हरियाणा के रेवाड़ी में एक महिला श्रद्धालु को स्टेशन पर टीसी द्वारा लात मारने, उसके पति को पीटने का मामला भी सुर्खियों में रहा। यहां भी बाद में कार्रवाई होने की बात है।
मर भी जाए तो
जरा वंदे भारत में अव्यवस्था भी देख लीजिए। जोधपुर से दिल्ली जा रही वंदे भारत में वैâटरिंग मैनेजर को हार्ट अटैक आया और वह उसी में गिर पड़े। जब उसमें रखे फर्स्ट एड बाक्स को खोला तो उसमें सिर्फ वह दवाएं थीं, जो आमतौर पर सर्दी-जुकाम में ही काम आती हैं। इससे बड़ी शर्मसार करनेवाली दूसरी बात क्या होगी कि उस ट्रेन के एक अफसर की जान चली जाती अगर उसमें चिकित्सा विभाग से जुड़े दो अफसर नहीं होते तो। सफर लग्जरी जरूर हुआ है, पर जान जोखिम में डालने की कीमत पर क्यों? जब वंदे भारत की यह हालत है तो सोचिए उस ट्रेन का क्या हस्र होगा, जिसके शौचालय में भी यात्री सफर करते हैं?
रेलवे में यात्रियों का सामान तो पहले ही से असुरक्षित था, पर अब सम्मान भी इसी श्रेणी में आ गया है, पर क्यों? दरअसल, रेलवे जिस प्रकार से तरक्की कर रहा है, उसी प्रकार से उस पर आश्रित समाज की सामाजिक सुरक्षा नहीं बढ़ रही। पहले हर स्टेशन पर एएच व्हीलर स्टाल हुआ करते थे, जिन पर पुस्तकों के साथ ही अखबार और कुछ खास दवाएं भी मिल जाती थीं। मगर अब यह गायब हो चुके हैं।
पहले हर स्टेशन के हर प्लेटफार्म पर लोकल फूड यानी पूड़ी-सब्जी, फल-प्रâूट आदि के ठेले होते थे, मोची मिल जाते थे, यहां तक कि बच्चों के लिए इमरजेंसी में काम आनेवाले आइटम भी मिल जाते थे, पर यह सब अब कमाई के लिए गायब हो गए हैं। हर चीज पर सरकार की नजर है और वह ठेका देकर कमाई करना चाहती है और यात्री भी ऑनलाइन सामान रेल में ही मंगाकर अपना सफर पूरा कर रहे हैं। जब यहां पर यह सब नहीं मिल रहे हैं तो जो भी मिल रहा है, वह लेने के लिए स्थानीय वेंडर पूरी जी जान लगा देते हैं। परिणाम वह अपना एक रुपया भी नुकसान होते देखकर उग्र हो जाते हैं और जबलपुर समोसा कांड जैसे मजमे स्टेशनों पर नजर आ जाते हैं।
रेलगाड़ियों में, स्टेशन पर और उसके आसपास आरपीएफ की माकूल व्यवस्था होने के कारण पहले थोड़ा डर रहता था। मगर अब इनमें मांगने वाले, ट्रांसजेंडर और साधु की आड़ में बदमाश जिस प्रकार से उगाही करते हैं, वह बताता है कि सुरक्षा तो है ही नहीं, साथ ही यात्रा के दौरान कब आपके साथ बदतमीजी हो जाएगी, कहा नहीं जा सकता। इसके पीछे एक कारण यह भी है कि अब टिकट कलेक्टर के पास टिकट चैक करने की भी फुर्सत नहीं होती। साधारण डिब्बे तो जाने दीजिए वह स्लीपर में भी नहीं आता। उसे सिर्फ इस बात का ध्यान रखना होता है कि प्रथम, द्वितीय और थर्ड एसी में कौन-सा यात्री अपने स्टेशन के बाद भी सफर कर रहा है। कारण क्या है? सिर्फ यह कि या तो उससे जुर्माना वसूला जाए या फिर वह गलती के लिए कोई खुद उपाय सुझाए?
कैसा सम्मान?
सामान और सम्मान के साथ यात्रा करने में यात्रियों के साथ एक जो समस्या आ रही है, वह यह है कि उन्हें इमरजेंसी चिकित्सा भी नहीं मिल पा रही है, जिसके वे हकदार हैं। दरअसल, पहले रिजर्वेशन के दौरान चिकित्सक को वरीयता मिलती थी, पर अब तो डीआरएम आदि भी उन्हें मांगने पर भी सीट की अनुपलब्धता बताकर मना कर देते हैं। रही सही कसर फर्स्ट एड बॉक्स में क्या रखना है इसकी नई वरीयता सूची नहीं होने के कारण यात्रियों को मुश्किल वक्त में दिल, दस्त, अस्थमा का अटैक, चोट लगने आदि के दौरान या तो अगले स्टेशन आने का इंतजार करना पड़ता है या फिर कोई साथी यात्री उन्हें दवा आदि उपलब्ध करा दे आदि पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां यह बात भी नहीं भूलनी चाहिए कि कई बार मदद करना मुसीबत बन जाता है इसलिए अब दवा आदि छोड़िए भूखे को भोजन भी नहीं देते हैं, सहयात्री। जो रेल पटरियों पर विकास की दौड़ लगा रही है, उसे इस तरह की स्थितियों में सम्मानजनक जर्नी का साथी वैâसे कहा जा सकता है।
वर्तमान में जब रेल और आम बजट एक हो गए हैं, तब भारत सरकार का सर्वाधिक ध्यान वंदे भारत रेलों पर है, पर इनमें सुविधा पर ध्यान कितना है इसका अंदाज इसी से लग सकता है कि अगर गलती से भी यात्री गेट बंद होने से पहले रेल में नहीं चढ़ पाया तो उसके लिए मुसीबत आ जाती है और फिर सम्मानजनक यात्रा के लिए उसे क्या कुछ नहीं करना पड़ता। एक बात यह भी है पहले रेल दुर्घटनाएं आम थीं, पर जबसे उन पर कंट्रोल हुआ है, तबसे सबसे महंगे एसी डिब्बों, महंगी प्रीमियम ट्रेनों में सोशल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इन दुर्घटनाओं में चोरी, मारपीट जनरल बातें हो चुकी हैं। जब स्पीड ट्रेन चलने की तैयारी है, तब आम ट्रेनों की यह हालत है तो वैâसे कह सकते हैं कि हवा से बात करती रेलों में सब कुछ अच्छा होगा?
(लेखक राजस्थान से प्रकाशित नवज्योति के पूर्व साहित्य संपादक हैं)
