मुख्यपृष्ठनए समाचारआंखों में आंसू, दिलों में दर्द...८ घंटे की बेटी, स्ट्रेचर पर पत्नी......

आंखों में आंसू, दिलों में दर्द…८ घंटे की बेटी, स्ट्रेचर पर पत्नी… तिरंगे में लिपटे शहीद को दी अंतिम विदाई!.. सातारा के जवान को आखिरी सलाम, रो पड़ा पूरा गांव

अंतिम विदाई के समय सिर्फ आठ घंटे पहले जन्मी बेटी को मां की गोद में उसके पिता के पास लाया गया। तिरंगे में लिपटे पिता के सामने वह मासूम बच्ची खामोश थी, जिसे दुनिया की कोई समझ नहीं थी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद बुजुर्गों जवानों और गांववालों की आंखें भर आर्इं। हर कोई इस दर्दनाक पल का गवाह बन गया।
महाराष्ट्र के सातारा जिले के आरे दरे गांव में वह दिन कभी नहीं भुलाया जा सकेगा, जब पूरा गांव गहरे शोक में डूब गया। गांव की हर गली में सन्नाटा था, हर चेहरा उदास और हर आंख नम थी। तिरंगे में लिपटा हुआ एक पार्थिव शरीर जब गांव से होकर गुजरा, तो लोग हाथ जोड़कर सिर झुकाए खड़े थे। यह अंतिम यात्रा भारतीय सेना के जवान प्रमोद जाधव की थी, जिन्हें गांववाले नम आंखों से अंतिम विदाई दे रहे थे। प्रमोद जाधव कुछ ही दिन पहले छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। घर में खुशी का माहौल था क्योंकि उनकी पत्नी गर्भवती थीं और परिवार नन्हे मेहमान के आने का इंतजार कर रहा था। हर कोई नए जीवन के स्वागत की तैयारियों में लगा हुआ था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। एक दर्दनाक सड़क हादसे ने प्रमोद जाधव की जिंदगी छीन ली और खुशियों से भरा घर अचानक मातम में बदल गया। प्रमोद जाधव के निधन के कुछ ही घंटों बाद उनकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया। एक तरफ जीवन की शुरुआत हो रही थी, तो दूसरी तरफ जीवन का अंत हो चुका था। जिस पिता को अपनी बेटी को पहली बार गोद में लेना था, वह हमेशा के लिए इस दुनिया से चला गया। मासूम बच्ची ने इस दुनिया में कदम तो रखा, लेकिन अपने पिता का चेहरा कभी नहीं देख पाएगी।
अंतिम दर्शन का भावुक पल
जब गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हुई, तो सेना और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। सबसे भावुक पल तब आया, जब प्रमोद जाधव की पत्नी को अस्पताल से स्ट्रेचर पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। अभी-अभी उनकी डिलीवरी हुई थी, शरीर कमजोर था, लेकिन पति को आखिरी बार देखने की चाह उन्हें वहां खींच लाई। उनकी आंखों से आंसू लगातार बह रहे थे और दर्द शब्दों से बाहर था।

अन्य समाचार