मुख्यपृष्ठनए समाचारलापता चार बच्चों के शव पानी से भरे गड्ढे में मिले

लापता चार बच्चों के शव पानी से भरे गड्ढे में मिले

– पुरामुफ्ती थाने के कुसुवां रेलवे फाटक के पास की घटना
– एक ही परिवार के थे सारे बच्चे
राजेश सरकार
प्रयागराज। कमिश्नरी के पूरामुफ्ती थानाक्षेत्र में सल्लाहपुर कुसुवां रेलवे फाटक के समीप बुधवार सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब पानी से भरे एक गहरे तालाबनुमा गड्ढे में चार बच्चों के शव उतराए मिले। यह चारों बच्चे एक ही परिवार के हैं और मंगलवार दोपहर से गायब थे। गड्ढे के पास ही उनके कपड़े और चप्पल पड़े मिले। प्रथम दृष्टया चारों की मौत डूबने से हुई है ऐसा लग रहा है। हालांकि पुलिस अभी कुछ स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि चारों सगे और चचेरे भाइयों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिर रिपोर्ट मिलने पर कुछ स्पष्ट हो सकेगा। मंगलवार दोपहर से लापता इन बच्चों की तलाश में जुटे परिजन को जब उनके शव पानी में उतराते मिले तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरा हुसैनपुर पावन गांव शोक में डूबा हुआ है। डूबे बच्चों की पहचान मनौरी के हुसैनपुर पावन निवासी प्रिंस (10) एवं उसके भाई प्रतीक (12), करण (19) पुत्र राजेश सोनकर और प्रियांशु (11) पुत्र संजीव के रूप में हुई है। इन बच्चों के चाचा रंजीत सोनकर ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद करीब दो बजे सभी बच्चे घर से खेलने के लिए निकले थे। जब शाम ढलने तक वे वापस नहीं आए, तो अनहोनी की आशंका से परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजने के बाद भी जब सुराग नहीं मिला, तो परिजन ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। बुधवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने आम रास्ते से करीब 200 मीटर दूर स्थित गहरे गड्ढे में शवों को देखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। चाचा रंजीत ने बताया कि सभी के शव जाल डालने पर मिले। करण 11वीं कक्षा में पढ़ता था। बच्चों के चाचा ने बताया कि घटना स्थल पर रेलवे ने निर्माण कार्य के लिए कुछ दिन पहले जेसीबी से गड्ढा खोदा था। एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव ने बताया की बच्चों के गायब होने की सूचना पर पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे रेलवे फाटक के समीप गड्ढे में जाल डलवाया गया तो चारों के शव बरामद हुए। उनके शवों के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी।

अन्य समाचार