मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा-शिंदे गुट में घमासान जारी ... बीजेपी ने किया आचार संहिता का...

भाजपा-शिंदे गुट में घमासान जारी … बीजेपी ने किया आचार संहिता का उल्लंघन!

शिंदे गुट ने दर्ज कराई शिकायत
सामना संवाददाता / मुंबई
अंबरनाथ नगरपालिका चुनाव के लिए जहां एक ओर शिंदे गुट और भाजपा दोनों दलों के बीच घमासान जारी है, वहीं दूसरी ओर शिंदे गुट की ओर से चुनाव अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि भाजपा लकी ड्रॉ के जरिए मतदाताओं को लुभा रही है। चुनाव अधिकारियों ने इस मामले में संबंधित आयोजकों को नोटिस जारी किया है और सहायक चुनाव अधिकारियों ने बताया है कि स्पष्टीकरण के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि अंबरनाथ नगरपालिका चुनाव को लेकर महागठबंधन में शामिल दोनों दलों के बीच फिलहाल घमासान जारी है। गौरतलब हो कि पूर्व नगराध्यक्ष और भाजपा नेता गुलाब करंजुले पाटील की बहू तेजश्री करंजुले को सीधे नगराध्यक्ष पद का उम्मीदवार भाजपा ने घोषित किया है इसलिए यह स्पष्ट है कि भाजपा यह चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। शिंदे गुट ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। हालांकि, दोनों दल शहर में प्रचार कर रहे हैं। इस बीच, भाजपा नेता गुलाबराव करंजुले के नाम पर गुलाबराव करंजुले पाटील प्रतिष्ठान ने शहर में महिला शक्ति आनंद महोत्सव का आयोजन किया था। इस अवसर पर लकी ड्रॉ के माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं को उपहार वितरित किए जाने थे।
मतदाताओं को लुभाने का आरोप
एक कार्यक्रम १० नवंबर को अंबरनाथ-पश्चिम में आयोजित किया गया था और एक कार्यक्रम १४ नवंबर को भी आयोजित किया गया था। इसके बाद शिंदे गुट ने इस पर आपत्ति जताई। आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में चुनाव अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई। शिंदे गुट ने आरोप लगाया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को पुरस्कार दिए जा रहे थे। यह पूरी तरह से आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है और शिंदे गुट ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

अन्य समाचार