मुख्यपृष्ठनए समाचारइंस्पेक्टर ने दिखाई तत्परता ... घायलों को पुलिस जीप में हॉस्पिटल पहुंचाया

इंस्पेक्टर ने दिखाई तत्परता … घायलों को पुलिस जीप में हॉस्पिटल पहुंचाया

सुरेश गोलानी / मुंबई
क्राइम रोकने, शांति-अमन बनाए रखने और अपराधियों को पकड़ने जैसी दैनिक जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ पुलिस किस तरह अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निर्वहन करती है, उसकी एक ताजा मिसाल भायंदर में देखने को मिली। बुधवार सुबह करीब १० बजे भायंदर-पश्चिम फ्लाईओवर पर एक जेसीबी और स्कूटी के बीच दुर्घटना हुई, जिसमें दोनों स्कूटीr सवार युवक बुरी तरह से घायल हो गए।
भायंदर-पश्चिम स्थित अपने निवास स्थान से ड्यूटी पर जा रहे काशीमीरा पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने सड़क के बीच खून से लथपथ पड़े दोनों स्कूटी सवारों को देखा। अपनी मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण पेश करते हुए कांबले ने जीप रोकी और नीचे उतरकर मामले की जानकारी ली। कांबले ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना गंभीर रूप से घायल युवकों को कांस्टेबल की मदद से पुलिस जीप में तुरंत मीरा रोड स्थित तुंगा अस्पताल पहुंचाकर आईसीयू में भर्ती करवाया। कांबले ने बताया कि घायलों की गंभीर अवस्था को देखते हुए एंबुलेंस के आने तक का इंतजार नहीं किया जा सकता था इसलिए किसी भी अनहोनी की संभावना को रोकने हेतु उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी था। मैंने सिर्फ अपना कर्तव्य निभाया है, मेरी जगह और भी कोई अफसर होता तो वो भी शायद यही करता। खबर लिखे जाने तक दोनों ही घायलों का आईसीयू में इलाज जारी था। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने में जरा से भी देरी घायलों के जान के लिए खतरा बन सकती थी।

अन्य समाचार