मुख्यपृष्ठनए समाचारयोगीराज में भूमाफिओं के हौसले बुलंद, नायब तहसीलदार का फोड़ा सिर!

योगीराज में भूमाफिओं के हौसले बुलंद, नायब तहसीलदार का फोड़ा सिर!

गए थे कब्जा हटवाने, जान बचाकर भागना पड़ा
संगम नगरी प्रयागराज में अवैध कब्जा हटवाने पहुंची राजस्व टीम को जान बचाकर भागना पड़ा। अतिक्रमणकारियों ने पट्टे की जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम पर हमला बोल दिया। भीड़ ने राजस्व टीम पर पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले में नायब तहसीलदार राजीव शुक्ला घायल हो गए। उनका सिर फूट गया और खून की धार बहने लगी। इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक मकान और झोपड़ी में आग लगा दी। मामला गंगानगर जोन के बहरिया थाना क्षेत्र के करनाईपुर गांव का है। पथराव और आगजनी के चलते राजस्व टीम बेदखली की कार्यवाही के बगैर लौट गई।
ये है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि इस गांव में ९ बीघे आबादी, भूमिधरी और ग्राम सभा की जमीन को लेकर विवाद है। मुख्य सड़क से १०० फीट दूरी पर होने के चलते यह जमीन बेशकीमती है। इस जमीन पर राजेंद्र कुमार शर्मा का पैतृक मकान बना हुआ है। उनके दादा के नाम का पट्टा भी बताया जा रहा है। इसी भूखंड के कुछ हिस्से का लोगों ने बैनामा भी करा रखा है। एसडीएम के आदेश पर सोमवार को राजस्व टीम बेदखली के लिए मौके पर पहुंची थी। राजस्व टीम में नायब तहसीलदार राजीव शुक्ला के साथ फूलपुर, मऊ आइमा और बहरिया थाने की पुलिस भी गई थी, लेकिन बिना कब्जा खाली कराए सभी को खाली हाथ लौटना पड़ा। उधर, आनन फानन में नायब तहसीलदार को अस्पताल पहुंचाया गया।

अन्य समाचार