मुख्यपृष्ठसमाचारपालिका ने सत्र न्यायालय के वकीलों को सौंपा ८६ लाख का नया...

पालिका ने सत्र न्यायालय के वकीलों को सौंपा ८६ लाख का नया पार्किंग स्टैंड … विधायक विनोद सिंह ने बार-पालिका में कराया समझौता

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

जाम से जूझ रहे सुल्तानपुर शहर में दीवानी न्यायालय के पास लगने वाले जाम से राहगीरों को आखिरकार निजात मिल गई है। ८६ लाख रुपये में केशकुमारी जीजीआईसी के पीछे खाली पड़े भूखंड पर पालिका की ओर से निर्मित नवीन पार्किंग स्टैंड डेढ़ लाख सालाना शुल्क पर पालिका ने बार एसोसिएशन को हस्तांतरित कर दिया है। इसके लिये लगातार कई वर्षों से विधायक विनोद सिंह प्रयास कर रहे थे। एक सप्ताह पहले इस मामले ने उस समय तेजी पकड़ी, जब विधायक सिंह ने पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल और बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के साथ दोपहिया और चौपहिया वाहनों को केशकुमारी बालिका इंटर कालेज के बगल खाली पड़ी भूमि पर बने पार्किंग स्थल पर शिफ्ट करने के लिए बैठक की। बार एसोसिएशन और नगर पालिका के बीच लिखित समझौता कराया। अंततः बुधवार को दीवानी न्यायालय परिसर स्थित सभागार में विधायक विनोद सिंह की मौजूदगी में एडीएम राकेश सिंह, पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, ईओ लालचंद्र सरोज और बार एसोसिएशन अध्यक्ष-सचिव के समक्ष समझौते को पढ़कर सुनाया गया।
विधायक ने कहा कि इस फैसले से आम लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि उनके विधायक बनने से पहले ही मन में था कि इस जाम से जनता को निजात दिलाना है। आखिकार वह दिन आ गया जब लोगों को शुक्रवार से इस जाम से मुक्ति मिल जाएगी।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक विनोद सिंह का प्रयास रंग लाया। उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि शुक्रवार से सभी लोग अपने दो पहिया और चौपहिया वाहन नवीन पार्किंग स्थल पर करेंगे। अधिवक्ताओं से किसी तरह का पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। वादकारी निर्धारित शुल्क जमा करेंगे।पालिकाध्यक्ष अग्रवाल ने विधायक विनोद सिंह के प्रयासों को सराहा कहा कि इससे अब इस क्षेत्र में ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल सकेगी। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र प्रताप सिंह, करुणा शंकर द्विवेदी, रामविशाल तिवारी सहित दर्जनों अधिवक्ता मौजूद रहे।

बार करेगा भूउपभोग, स्वामित्व रहेगा पालिका का अनुबंध के अनुसार पार्किंग स्थल भूमि का उपभोग और पार्किंग का संचालन बार एसोसिएशन करेगा लेकिन स्वामित्व नगर पालिका के अधीन होगा। बार एसोसिएशन पार्किंग की नीलामी कर सकता है किन्तु इसकी जानकारी पालिका को देनी होगी। वाहन पार्किंग के अलावा बार उक्त भूमि का उपयोग किसी अन्य काम के लिए नहीं करेगा।

अन्य समाचार