मुख्यपृष्ठअपराधजिसे गैर समझा वह तो अपना निकला... खून से लथपथ बेटे का...

जिसे गैर समझा वह तो अपना निकला… खून से लथपथ बेटे का शव पहचान नहीं पाया अभागा बाप!

पुलिस ने दी सूचना तो पैरों तले खिसकी जमीन

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से एक ऐसी मार्मिक खबर सामने आई है, जहां एक एंबुलेंस चालक पिता दुर्घटना में खून से लथपथ अपने इकलौते बेटे को नहीं पहचान पाया। दिवाली की रात बांसवाड़ा-घाटोल नेशनल हाईवे-५६ पर सुरपुर के भगतपुरा पेट्रोल पंप के समीप दो बाइकों की भीषण टक्कर में तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद तत्काल एंबुलेंस मदद के लिए पहुंची और लहूलुहान तीनों शवों को अस्पताल के मोर्चरी में पहुंचाया गया। मृतकों में एंबुलेंस चालक जेफरीन का बेटा ऐरोन भी था, जिसे जेफरीन ने बिना पहचाने अस्पताल पहुंचाया था।
बेटे के शव को पिता ने अस्पताल पहुंचाया
भीषण टक्कर में लहूलुहान शवों को देखकर उन्हें पहचानना कठिन था। एंबुलेंस चालक जेफरीन ने अपने ही जिगर के टुकड़े ऐरोन के खून से सने शव के साथ अन्य शवों को एंबुलेंस में रखकर अस्पताल रवाना हुए। जेफरीन को तनिक भी एहसास नहीं था कि वो जिन शवों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं, उनमें उनका अपना बेटा ऐरोन भी है। अत्यधिक रक्तस्राव और चोटों के कारण वे अपने ही बेटे को नहीं पहचान पाए और शवों और पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाकर घर लौट आए।
पुलिस ने दी बेटे की मौत की खबर
कुछ देर बाद पुलिस स्टेशन से जेफरीन को सूचना मिली कि उनका बेटा ऐरोन भी हादसे का शिकार हो गया है। पुलिस के मुंह से बेटे की मौत की खबर सुन उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस शव को वे अभी-अभी अस्पताल की मोर्चरी में छोड़कर आए थे, वो उनके इकलौते बेटे ऐरोन का शव था। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

अन्य समाचार