सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
नगर के लालडिग्गी स्थित गुरुचरन कौर पब्लिक स्कूल के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को आयोजित समारोह में बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। डॉ. यशांक बरनवाल वार्षिकोत्सव के विशिष्ट सम्मानित अतिथि थे।
इस अवसर पर छोटे बच्चों के द्वारा बहुत ही सुंदर और मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। नि:स्वार्थ देशसेवा की भावनाओं से ओत-प्रोत दृढ़ संकल्प के साथ विद्यालय के बच्चों ने देश भक्ति वाले लघु नाटिका प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। भारत माता के जयकारों से स्कूल परिसर गूंज उठा ।
कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। इसके बाद भारतीय संस्कृति पर आधारित ‘विविधता में एकता’, ‘कृष्ण लीला’, ‘द्रौपदी चीरहरण’ एवं ‘इतिहास के लोकनायक’ “मातृ- पितृ प्रेम “वृद्धाश्रम तथा” पशु बचाओ “झांकी प्रस्तुत की गई।
एकलव्य तथा महाभारत पर आधारित नृत्य नाटिका ने सभी दर्शकों का दिल जीता। देशप्रेम तथा वीरों की सूझ-बूझ पर आधारित प्रस्तुतियां, हास्य, योग, संगीत व नृत्य ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। देश भक्ति आधारित कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
संपूर्ण कार्यक्रम विद्यालय के प्रबंधक जगजीत सिंह एवं प्रधानाचार्य तेजिंदर कौर के मार्गदर्शन में हुआ विद्यार्थियों एवं छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी प्रतिभाओं के प्रदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय की ‘वार्षिक स्कूल पत्रिका’ का विमोचन विशिष्ट सम्मानित अतिथि डॉ. यशांक बरनवाल द्वारा किया गया, मुख्य अतिथि को प्रबंधक ने अंगवस्त्र एवं प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षक, बच्चे, अभिभावक व शहर के अनेकों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी को धन्यवाद दिया गया।
