-मुंबईकरों का पैसा लूटा, बुनियादी सुविधाएं गायब
-लाडली बहन योजना को बनाया वोटों का सौदा
-कांग्रेस का भाजपा पर आरोप
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा शहर की जमीन, उद्योग और आर्थिक संसाधन बड़े पैमाने पर एक गुजराती मित्र को सौंपे जा रही है और यही मुंबई व मुंबईकरों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है। दूसरी तरफ मुंबईकरों का पैसा लूटकर बुनियादी सुविधाएं गायब कर दी गई हैं। मुंबई की सार्वजनिक जमीनें बेचकर भाजपा और शिंदे गुट ने बेहिसाब पैसा जुटाया है। अब मुंबई को बदलाव की जरूरत है और मुंबईकर चुनाव के जरिए इस भ्रष्ट महायुति को करारा जवाब देंगे। यह तीखा हमला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया व प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही भाजपा को बांग्लादेशी घुसपैठियों की याद वापस आ गई है। साथ ही मनपा चुनाव में भी लाडली बहन योजना को भी वोटों का सौदा बना दिया गया है।
मुंबई कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन में आयोजित विशेष पत्रकार परिषद में पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा-महायुति ने मुंबई मनपा को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है और मुंबईकरों के पैसे की खुली लूट की है। हजारों करोड़ रुपए खर्च होने के बावजूद नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। स्कूलों, बेस्ट बस सेवाओं और मनपा अस्पतालों के निजीकरण का सिलसिला तेजी से जारी है। विकास निधि आवंटन में विपक्ष को जानबूझकर वंचित रखा जा रहा है। यह पैसा मोदी-अमित शाह का नहीं, बल्कि जनता का है। स्थानीय निकाय चुनाव चार वर्षों से क्यों नहीं कराए गए, इसका जवाब सरकार को देना ही होगा।
पीएम-गृहमंत्री लें नैतिक जिम्मेदारी
पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि चुनाव आते ही भाजपा को बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा याद आने लगता है और चुनाव खत्म होते ही उसे भुला दिया जाता है। पश्चिम बंगाल में भी चुनावी माहौल बनते ही यही राग अलापा जा रहा है। यदि देश में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए मौजूद हैं, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अब तक क्या कर रहे हैं? इसकी नैतिक जिम्मेदारी उन्हें लेनी चाहिए। उदित राज ने कहा कि भाजपा संविधान को कमजोर करने का काम कर रही है। भाजपा हिंदू-मुस्लिम विवाद खड़ा कर वोट हासिल करना चाहती है, लेकिन जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है।
बी टीम की तरह काम कर रहा चुनाव आयोग
सचिन सावंत ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रहा है और भाजपा व उसके सहयोगी दलों को खुली छूट दी जा रही है। भारी मात्रा में नकदी पकड़े जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
अन्नामलाई के बयान की कड़ी निंदा
मुंबई कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सचिन सावंत ने भाजपा नेता अन्नामलाई के मुंबई संबंधी बयान को महाराष्ट्र विरोधी करार देते हुए उसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री और भाजपा उस बयान से सहमत नहीं हैं, तो वे अब तक उसका खंडन क्यों नहीं कर रहे।
