सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डा.दिनेश चंद्र शर्मा मंगलवार को सुल्तानपुर पहुंचे। जिनकी संगठन के पदाधिकारियों ने जोशीली अगवानी की। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए डा.शर्मा ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि २०११ के पूर्व नियुक्त शिक्षकों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षक हितों के लिए संघ संघर्ष की हद तक जाने को तैयार है और जब तक सांस है, शिक्षक अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।
इस दौरान शिक्षक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रवक्ता निजाम खान ने बताया कि आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई तथा २००४ से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिलाने के लिए रणनीति पर विचार किया गया। सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों पर नेतृत्व ने सकारात्मक एवं स्पष्ट उत्तर दिए।
प्रांतीय मंत्री संजय सिंह ने कहा कि शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संघ योजनाबद्ध तरीके से गंभीर प्रयास कर रहा है। वहीं टेट-नॉन टेट प्रकरण में न्यायालय में संघ की पैरवी, सरकार के वर्तमान रुख, सहयोग एवं अब तक हुई प्रगति की जानकारी देकर शिक्षकों के संशय का निवारण किया गया।
इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री देवेन्द्र श्रीवास्तव ,मंडलीय मंत्री व जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय, मंत्री डा. हृषिकेश भानु सिंह , संयुक्त मंत्री प्रशांत पांडेय, उपाध्यक्ष रामबहादुर मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा, अंजनी शर्मा, अंजनी नंदन पाण्डेय, अखिलेश सिंह, राजबबख्श मौर्य, डॉ. रितेश सिंह, अब्दुल मजीद, नरेंद्र पाण्डेय, हेमंत यादव, धीरेन्द्र राव, विमलेश सरोज, राजकुमार चौधरी, सुमित यादव, भीमसेन सिंह, आशीष मिश्रा, उमेश सरोज, शिवम राने, रविन्द्र, अनिल यादव, राम मगन वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
