सामना संवाददाता / मुंबई
इस साल की दिवाली में ठाकरे परिवार के लिए रिश्तों की मिठास दुगनी रही। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कल भाईदूज के अवसर पर पूरे परिवार के साथ एकजुट होकर यह पर्व मनाया। राज ठाकरे की बहन जयजयवंती ठाकरे-देशपांडे के घर पूरा ठाकरे परिवार पहुंचा और बड़ी खुशी और स्नेहपूर्वक भाईदूज का उत्सव मनाया।
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच मनोमिलन के बाद से ठाकरे परिवार पहले की तरह कुछ मौकों पर एक साथ आने लगा। २७ जुलाई को उद्धव ठाकरे के जन्मदिन के मौके पर राज ठाकरे ने ‘मातोश्री’ निवास पर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। उसके बाद गणेशोत्सव पर उद्धव ठाकरे अपने परिवार सहित राज ठाकरे के ‘शिवतीर्थ’ निवास पर गए थे।
‘यही असली दीवाली है!’
छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में आयोजित मनसे के दीपोत्सव का उद्घाटन भी उद्धव ठाकरे के हाथों हुआ था, जहां दोनों परिवार एक साथ आए थे। २००४ के बाद पहली बार राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के साथ उनका पूरा परिवार भाईदूज पर घर आने से देशपांडे परिवार में खुशी का माहौल था। जयजयवंती ठाकरे-देशपांडे ने भावुक होकर कहा कि दोनों भाई एक साथ घर आए, यही असली दिवाली है। बहन के लिए भाई का घर आना ही सबसे बड़ा उपहार होता है।
त्योहार की खुशी साझा की
इस अवसर पर राज ठाकरे की बेटी उर्वशी ठाकरे ने आदित्य ठाकरे, तेजस ठाकरे और अमित ठाकरे की आरती कर भाईदूज मनाई। इसके बाद सभी परिवारजनों ने एक साथ स्नेहभोजन किया और साथ में त्योहार की खुशी साझा की।
