मुख्यपृष्ठनए समाचारयोगी सरकार की कानून व्यवस्था के दावों की खुली पोल ... शर्मनाक!...

योगी सरकार की कानून व्यवस्था के दावों की खुली पोल … शर्मनाक! लखनऊ में दलित बुजुर्ग से चटवाया पेशाब!

विपक्ष बोला, दलित विरोधी है भाजपा सरकार
लखनऊ में मंदिर के बाहर पानी पी रहे एक बुजुर्ग को कथित तौर पर पेशाब चाटने पर मजबूर करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम काकोरी इलाके में शीतला माता मंदिर के पास हुई और पीड़ित रामपाल रावत की शिकायत पर आरोपी स्वामी कांत उर्फ पम्मू को गिरफ्तार कर लिया गया है। कांग्रेस ने घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट डाला और लिखा, ‘उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता ने एक बुजुर्ग दलित व्यक्ति को अपना पेशाब चाटने पर मजबूर किया। यह बेहद शर्मनाक है।
पिटाई और पेशाब चाटने के लिए मजबूर किए जाने की घटना पर पीड़ित ने बताया, ‘मुझे पेशाब चाटने के लिए मजबूर किया गया। जब मैने ऐसा करने से इनकार कर दिया, तो मुझे पीटा गया और पेशाब चाटने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने मुझे लात मारी और चले गए। बाद में, कई नेताओं ने मामले में हस्तक्षेप किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हम एक मंदिर वाले शांतिपूर्ण इलाके में रहते हैं। इस कृत्य में शामिल लोग कटरा बाजार इलाके के पास रहते हैं।’ इस मामले में यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया, `दलित बुजुर्ग व्यक्ति को कथित तौर पर पेशाब चाटने के लिए मजबूर करने की घटना की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पाठक ने कहा, ‘सरकार ऐसी घटनाओं को लेकर संवेदनशील है और दलितों, गरीबों और वंचितों के साथ मजबूती से खड़ी है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गहन जांच की जा रही है।’

आगबबूला हुए अखिलेश
मंदिर परिसर में हुई इस अमानवीय वारदात ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय के दावों की पोल खोल दी है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने घटना की निंदा करते हुए इसे ‘दलित विरोधी मानसिकता’ का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी के आसपास जब ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दावे इस घटना के बाद खोखले साबित हो रहे हैं।

अन्य समाचार