मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमुंबई दहलाने की थी साजिश!.. गिरफ्त में आईएसआई का स्लीपर सेल... पाकिस्तानी...

मुंबई दहलाने की थी साजिश!.. गिरफ्त में आईएसआई का स्लीपर सेल… पाकिस्तानी आकाओं के संपर्क में था… एटीएस की लंबे समय से थी नजर

सामना संवाददाता / मुंबई

पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आनेवाला। पाकिस्तानी आतंकी एक बार फिर मुंबई को दहलाने की साजिश कर रहे थे। दरअसल, मुंबई एटीएस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक २४ साल के आतंकी को गिरफ्तार किया है। एटीएस के मुताबिक, आरोपी मुंबई में आतंकी साजिश रचने के साथ लोगों को कट्टरपंथी बनाने और फंडिंग जुटाने का काम कर रहा था।
एटीएस को पिछले कुछ समय से इनपुट मिल रहे थे कि मुंबई में आईएसआई के इशारे पर एक नया स्लीपर मॉड्यूल एक्टिव है। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया जानकारी के आधार पर कुर्ला के रहने वाले इस संदिग्ध पर नजर रखी जा रही थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे आईएसआई हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था। उसे सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए युवाओं को बरगलाने, जिहादी विचारधारा पैâलाने और आतंकी गतिविधियों के लिए फंड इकट्ठा करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
हवाला ट्रांजैक्शन के सबूत
एटीएस ने कुर्ला में आरोपी के ठिकाने पर छापा मारकर उसके मोबाइल, लैपटॉप और डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। डिवाइस से आईएसआई हैंडलर्स से चैट, कट्टरपंथी वीडियो और हवाला ट्रांजैक्शन के सबूत मिले हैं। आरोपी पर ‘यूएपीए’ के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
ब़ड़ी साजिश टली
एटीएस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस आरोपी की गिरफ्तारी से मुंबई में एक बड़ी साजिश टल गई है। पुलिस अब ये पता लगा रही है कि इसके तार और किन लोगों से जुड़े हैं।

आतंकी की गिरफ्तारी पुलिस हाई अलर्ट पर!
मुंबई में एक आतंकी की गिरफ्तारी ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं। इसे कुर्ला से गिरफ्तार किया गया है। कुर्ला के अलावा अन्य इलाकों में भी तलाशी चल रही है। गिरफ्तारी के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट पर है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट, मॉल और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को भी एक्टिव कर दिया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखे तो तुरंत डायल १०० या एटीएस हेल्पलाइन पर सूचना दें।

अन्य समाचार