-शिंदे-दादा की अब नहीं जरूरत -रोहित पवार
सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा के रडार पर अब उप मुख्यमंत्री अजीत पवार आ गए हैं। वह उन्हें मुश्किल में डालने की कोशिश कर रही है। भाजपा की नीति है कि दोस्तों को इस्तेमाल करो और फिर फेंक दो। यह बात राकांपा (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने कही है।
उन्होंने कहा कि वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट का काम सभी ने देखा है, सभी ने उस काम की सराहना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसी संस्थान के कार्यक्रम में आए थे। वहां आने से पहले उन्होंने संस्थान के काम की जानकारी ली थी, लेकिन अब मुझे समझ नहीं आ रहा है कि सरकार के पेट में क्या दर्द हो रहा है। मुझे लगता है कि अजीत दादा को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जांच करना चाहती है, तो उन घोटालों की जांच करे जो हमने अब तक उजागर किए हैं। इन लोगों ने उन मामलों में अपना मुंह बंद कर लिया है। रोहित पवार ने ध्यान दिलाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि अब किसी के वैसाखी की जरूरत नहीं है। यानी अब भाजपा को उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की जरूरत नहीं है। अमित शाह ने सोमवार को कहा था कि उन्हें अब बैसाखी की जरूरत नहीं है। उन्होंने पहले ठाणे (उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़) को निशाना बनाया, ठाणे की ताकत कम की और अब भाजपा ने अपना ध्यान बारामती पर केंद्रित कर दिया है। ऐसे शब्दों में रोहित पवार ने उप मुख्यमंत्री अजीत पवार को चेतावनी दी है।
