सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मनपा के धन कचरा व्यवस्थापन विभाग के कर्मचारियों ने दिवाली के दौरान मुंबई में उत्पन्न लगभग तीन हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त कचरे का निपटान किया। धन कचरा व्यवस्थापन विभाग के सफाई कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत करके मुंबई को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मनपा आयुक्त एवं प्रशासक भूषण गगरानी के निर्देशानुसार और अतिरिक्त आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी के मार्गदर्शन में, उपायुक्त (धन कचरा व्यवस्थापन) किरण दिघावकर की देखरेख में सफाई अभियान चलाया गया।
प्रतिदिन ७,३०० टन से अधिक कचरा एकत्र
नियमित रूप से प्रतिदिन औसतन ६,९०० मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया जाता है। लेकिन दिवाली के दौरान यानी १८ से २१ अक्टूबर के बीच प्रतिदिन ७,३०० मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया। कचरे में वृद्धि लगभग ६०० से ७०० मीट्रिक टन प्रतिदिन थी। इस अवधि के दौरान, कुल ३,०७५ मीट्रिक टन अतिरिक्त कचरे का प्रभावी ढंग से निपटान किया गया। इसमें से लगभग २,०७५ मीट्रिक टन कचरे का निपटान कांजूर मार्ग और देवनार लैंडफिल में किया गया।
