मुख्यपृष्ठअपराधहाइवे पर सरेआम गला काटा...हत्या के बाद हंगामा...जाम, हत्यारा गिरफ्तार

हाइवे पर सरेआम गला काटा…हत्या के बाद हंगामा…जाम, हत्यारा गिरफ्तार

सामना संवाददाता / प्रयागराज

योगी शासन में प्रयागराज जिले में हर दिन अपराध बढ़ते जा रहे हैं। जमीन के विवाद, लेन-देन की रंजिश और जातिगत मनमुटाव के चलते रोज ही संगम नगरी में वारदातों का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी नये यमुनापुल के रीवा राजमार्ग पर डांडी छोर में स्थित राजपूत ढाबे के पास सरेशाम एक युवक की चाकू से गला काट कर हत्या कर दी गई।
युवक का गला काटने के बाद हमलावर ने उसके सीने में लगातार कई वार किए। फिर वहां से फरार हो गया। वारदात की जानकारी होते ही मृतक के परिजन पास के मोहब्बतगंज इलाके से मौके पर पहुंचे। मारे गए युवक की पहचान अरशद अली उर्फ शीबू के रूप में हुई है। परिवार के लोग उसकी लहूलुहान लाश को रीवा हाइवे पर रखकर सड़क पर बैठ गए। थोड़ी देर में ही पुल के आने-जाने वाले मार्ग पर जाम लग गया। इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, मगर परिजन का कहना था कि आरोपी को गिरफ्तार करने पर ही जाम खत्म होगा। फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दिया जाएगा। इंस्पेक्टर बृज किशोर गौतम और मौजूद फोर्स भीड़ को समझाने का प्रयास करती रही। काफी मशक्कत के बाद परिजन को शांत किया गया और भरोसा दिलाया गया कि आरोपी जल्द ही दबोच लिया जाएगा। इसके बाद जाम खत्म हुआ और मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। इस बीच डीसीपी यमुनापार विवेक चंद्र यादव ने स्पष्ट कर दिया कि हत्यारे को पकड़ लिया गया है। उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में हत्यारे ने कबूल किया कि उसके पिता ने शीबू से पैसे उधार लिए थे, जिसे लेकर कुछ दिन पहले विवाद भी हुआ था। इसी को लेकर उसने शीबू की हत्या कर दी।
-ई-रिक्शा बेचा था, पैसे लेने घर से निकला था
नैनी के मोहब्बतगंज में रहने वाले तस्लीम का 35 वर्षीय बेटा अरशद अली और शीबू शुक्रवार की दोपहर को घर से निकला था। परिवार के मुताबिक, उसने शुक्रवार को ही अपना ई-रिक्शा बेचा था। खरीदने वाले ने पैसा देने के लिए बुलाया था, मगर उसको पैसा मिला नहीं था। फिर वह घर लौट रहा था। शाम के करीब चार बजे होंगे तभी नये पुल के डांडी छोर में रीवा राजमार्ग स्थित राजपूत ढाबे के पास उसपर हमला हो गया। घर में पत्नी रशीदा बेगम और तीन बच्चे रहमत, बरकत और बेटी आयात है। वो चाका ब्लाॅक के किसी ग्राम प्रधान की कार भी चलाता था । हत्या के बाद पुल के पास मौजूद लोगों ने बताया कि हमलावर चापड़ लेकर अरशद का इंतजार कर रहा था। उसके आते ही हमला कर दिया।

अन्य समाचार