हिमांशु राज
एक्शन यूनिवर्स में धमाकेदार टकराव होने जा रहा है! खबर है कि बॉलीवुड के यंग एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ अब हॉलीवुड और एशियन सिनेमा के दिग्गजों के साथ नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है कि टाइगर अमेज़न एमजीएम के एक पैन-वर्ल्ड एक्शन स्पेक्टेकल के लिए चर्चित अभिनेताओं सिल्वेस्टर स्टैलोन और टोनी जा के साथ बातचीत कर रहे हैं। अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल हो जाता है, तो यह भारत, हॉलीवुड और एशिया की एक्शन वर्ल्ड का सबसे बड़ा संगम माना जाएगा। इस फिल्म को लेकर कहा जा रहा है कि यह ग्लोबल स्तर पर बनाई जाएगी, जिसमें तीनों सितारों के एक्शन स्टाइल को मिलाकर एक नया सिनेमाई अनुभव पेश किया जाएगा। टाइगर श्रॉफ जहां अपनी निपुण मार्शल आर्ट्स और स्टंट्स के लिए जाने जाते हैं, वहीं स्टैलोन हॉलीवुड के ‘रॉकी’ और ‘रैम्बो’ सीरीज़ के आइकॉनिक एक्शन हीरो हैं। टोनी जा थाई सिनेमा के धाकड़ एक्शन मास्टर हैं, जिनकी फाइटिंग स्टाइल दुनिया भर में लोकप्रिय है।अगर यह सहयोग साकार होता है, तो यह न सिर्फ टाइगर के करियर का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट साबित होगा, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए भी एक ऐतिहासिक कदम होगा। यह वाकई बॉलीवुड, हॉलीवुड और एशियाई एक्शन का संगम होगा।
