मुख्यपृष्ठसमाचारतिरंगे के कथित अपमान पर मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता ने अमेरिकी वाणिज्य...

तिरंगे के कथित अपमान पर मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास को भेजी शिकायत

मुंबई। अमेरिका के टेक्सास राज्य में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के कथित अपमान का मामला सामने आने के बाद मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता मुहम्मद जमील मर्चेंट ने संयुक्त राज्य अमेरिका के महावाणिज्य दूतावास, मुंबई को औपचारिक शिकायत भेजकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मर्चेंट द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, टेक्सास के फ्रिस्को सिटी हॉल में एक व्यक्ति, जिसकी पहचान क्लेटन वॉकर के रूप में बताई गई है, ने भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को कथित रूप से फाड़ दिया। इस घटना को लेकर उन्होंने गहरी आपत्ति जताते हुए कहा कि तिरंगा करोड़ों भारतीयों की भावनाओं, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और देश की अस्मिता का प्रतीक है। ऐसे राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान भारत सहित दुनिया भर में बसे भारतीयों की भावनाओं को आहत करता है।

अपने पत्र में मर्चेंट ने कहा है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान बनाए रखना अंतरराष्ट्रीय शिष्टाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

तीन प्रमुख मांगें

शिकायत में मर्चेंट ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, टेक्सास के फ्रिस्को प्रशासन तथा संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक शिकायत पहुंचाकर स्थानीय और संघीय कानूनों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दूसरी, सार्वजनिक कार्यक्रमों और सरकारी आयोजनों में सभी देशों के राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। तीसरी, मामले में की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए।

भारत-अमेरिका संबंधों में सम्मान का महत्व

मर्चेंट ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से मित्रतापूर्ण संबंध और साझा लोकतांत्रिक मूल्य रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति परस्पर सम्मान दोनों देशों के लोगों के बीच विश्वास और सद्भाव को मजबूत करता है। ऐसे मामलों में समय रहते उचित कार्रवाई होना आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय हैं मर्चेंट

मुहम्मद जमील मर्चेंट मुंबई के मालाड पश्चिम के निवासी हैं और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे विभिन्न जनहित मामलों को अदालतों और प्रशासनिक मंचों पर उठाते रहे हैं। मर्चेंट का कहना है कि सांप्रदायिक सद्भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा के उद्देश्य से उन्होंने यह शिकायत दर्ज कराई है।

अन्य समाचार