-तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर में रेडियोलॉजी के सीनियर प्रो. राजुल रस्तोगी को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, यूनाइटेड किंगडम की ओर से मिला यह अवार्ड।
ख़ास बातें
हेल्थकेयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर सामूहिक प्रशिक्षण सत्रों के लिए मिला सम्मान।
एआई इन हेल्थकेयर में जॉन हॉप्किंस यूनिवर्सिटी और आईआईआईटी, हैदराबाद से भी सर्टिफाइड।
प्रो. राजुल रस्तोगी बोले, मेडिकल सेक्टर में एआई को नए क्षितिज की ओर दे रहे आकार।
एनबीईएमएस चिकित्सा शिक्षा में एआई पर चलाता है मुफ्त ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम।
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर में रेडियोलॉजी के सीनियर प्रो. राजुल रस्तोगी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस), नई दिल्ली ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, यूनाइटेड किंगडम की ओर से हुए ऐतिहासिक ऑफिशियल अटेम्प्ट में भाग लेने के लिए प्रो. राजुल रस्तोगी को सम्मानित किया है। हेल्थकेयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर हुए इस विशाल सामूहिक प्रशिक्षण सत्र का हिस्सा बनने के लिए प्रो. रस्तोगी को इस सम्मान से नवाजा गया है।
प्रो. राजुल रस्तोगी एआई इन हेल्थकेयर में जॉन हॉप्किंस यूनिवर्सिटी, यूएसए और आईआईआईटी, हैदराबाद से पहले से ही सर्टिफाइड हैं। यह इस बात का सशक्त प्रमाण है कि रेडियोडायग्नोसिस का क्षेत्र कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि यूट्यूब पर हेल्थकेयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लाइव स्ट्रीम लेसन को सबसे अधिक देखने वालों की संख्या 17,999 है, जिसे दिल्ली स्थित नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज ने हासिल किया है।
इस उपलब्धि से गदगद प्रो. राजुल रस्तोगी कहते हैं, “चिकित्सा के क्षेत्र में एआई का भविष्य अब स्वर्णिम है। यह एक ऐसा उपकरण है, जिसे हम नए क्षितिज की ओर कदम बढ़ाते हुए आज आकार दे रहे हैं।”
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस), केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त निकाय है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत में पीजी चिकित्सा शिक्षा और परीक्षाओं के मानकों को ऊंचा और मानकीकृत करना है। एनबीईएमएस चिकित्सा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश, स्क्रीनिंग और एग्जिट परीक्षाएं आयोजित करता है। यह निकाय नीट-पीजी, नीट-एमडीएस और डीएनबी-सीईटी जैसी प्रमुख प्रवेश परीक्षाएं संचालित करता है। साथ ही विदेशों से चिकित्सा की डिग्री प्राप्त करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एफएमजीई परीक्षा आयोजित करता है।
चिकित्सा स्नातकों के लिए डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड, डॉक्टरेट ऑफ नेशनल बोर्ड और फेलोशिप ऑफ नेशनल बोर्ड जैसी उच्च स्तरीय उपाधियां एवं मान्यता प्राप्त विशेषज्ञता पाठ्यक्रम प्रदान किए जाते हैं। बोर्ड समय-समय पर आधुनिक चिकित्सा और तकनीकी कौशल, जैसे चिकित्सा शिक्षा में एआई, पर मुफ्त ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित करता है।
