मुख्यपृष्ठनए समाचारजेल के कैदी को भगाने की साजिश में यूपी पुलिस के दो...

जेल के कैदी को भगाने की साजिश में यूपी पुलिस के दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार!

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

अपराधियों से मिल कर पुलिस की साख पर धब्बा लगाने का सिलसिला यूपी में थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गाजियाबाद का है। जहाँ कविनगर थाना पुलिस ने पुलिस लाइन में तैनात दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दिया। दोनों पर जेल में बंद कैदी को भगाने की साजिश रचने का आरोप है। इसलिए दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार सिपाहियों के नाम सचिन और राहुल कुमार हैं। दोनों की ड्यूटी जेल से हवालात या अदालतों में पेशी के लिए बंदियों को ले जाने की थी। 4 अक्तूबर को दोनों सिपाही डासना जेल पहुंचे थे। उस दिन छह बंदियों को पेशी के लिए ले जाना था, लेकिन दोनों केवल एक कैदी बिजेंद्र को नोएडा पेशी पर ले जाने की जिद पर अड़े रहे। जेल अधीक्षक को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत जांच कराई। जांच में सामने आया कि दोनों सिपाही निजी गाड़ी से जेल पहुंचे थे और उस दिन गौतमबुद्धनगर पेशी के लिए पुलिस लाइन से कोई रवानगी दर्ज नहीं थी।

मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची तो आरआई पुलिस लाइन ने कविनगर थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने वंश नाम के कैदी को भगाने की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और विभागीय कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है।”

अन्य समाचार