मुख्यपृष्ठनए समाचारगंगा में समाए दो सगे भाइयों की मौत...परिवार में मचा कोहराम

गंगा में समाए दो सगे भाइयों की मौत…परिवार में मचा कोहराम

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर औद्योगिक थाना क्षेत्र के रामपुर पुलिस चौकी अंतर्गत मुंगारी सल्दी का पूरा गांव निवासी 16 वर्षीय राजन यादव और उसका छोटा भाई अभिषेक यादव मंगलवार सुबह अपने रिश्तेदार सनी यादव के साथ मनैया गांव स्थित गंगा नदी में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान तीनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
तीनों को संकट में देख उनके परिचित पंकज उन्हें बचाने के लिए तत्काल गंगा में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह स्वयं भी फंस गए। काफी संघर्ष के बाद उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर किनारे पहुंचने में सफलता हासिल की। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक निषाद युवक ने साहस और सूझ-बूझ का परिचय देते हुए सनी यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन राजन और अभिषेक गंगा की गहराई में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल करछना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की असामयिक मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई और जांच में जुट गई है।

अन्य समाचार