राजेश सरकार / प्रयागराज
यूपी के कुंभ नगरी प्रयागराज में शुक्रवार देर रात हिट एंड रन केस से जुड़ा नया दर्दनाक मामला सामने आया है। इस हादसे ने हाई कोर्ट के आस-पास पूरे इलाके को दहला दिया। हाई कोर्ट फ्लाईओवर के नीचे मजदूर तबके के कुछ लोग खाना खाकर गहरी नींद में सो रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बेकाबू वैगनार कार चालक ने नियंत्रण खोते हुए कई लोगों को रौंद डाला। हादसे में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं, जिन्हें फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार देर रात हुआ यह हादसा शनिवार को दर्दनाक बन गया, जब गंभीर रूप से घायल तीन महिलाओं में दो ने दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद तीनों महिलाओं को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया जा रहा था, लेकिन उनमें से एक महिला सुनौली देवी की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में हो गई थी। वहीं दूसरी महिला ने शनिवार को दम तोड़ दिया। शनिवार को जान गंवाने वाली महिला की पहचान गुलाबकली के रूप में हुई है। तीसरी महिला श्रीदेवी की हालत नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। हादसे के वक्त वहां मौजूद कुछ लोगों के मुताबिक, वैगनआर कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक का नियंत्रण नहीं रह गया था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिलाएं दूर तक उछल गईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उग्र भीड़ को शांत किया और कार
को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में खड़ा करा दिया। हादसे के बाद से कार चालक का कहीं कोई पता नहीं चल पाया है। वो मौके से फरार है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वैगनआर के नंबर के आधार पर आरोपी चालक और वाहन स्वामी के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। हिट एंड रन केस के नए निमय के अनुसार, अगर गाड़ी से टक्कर लगने के कारण किसी की मौत हो जाती है और ड्राइवर पुलिस को सूचना दिए बगैर अथवा बिना बताए वहां से फरार हो जाता है, तो उसे 10 साल तक की सजा मिलेगी। इसके अलावा उस पर 7 लाख रुपए का जुर्माना भी लगेगा।
