सामना संवाददाता / मुंबई
छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में स्थित ‘बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक’ के अध्यक्ष पद पर राज्य सरकार ने शिवसेनापक्षप्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पुन: नियुक्त किया है। शिवसेना के वरिष्ठ नेता सुभाष देसाई को सचिव और शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे को भी सदस्य पद पर बरकरार रखा गया है।
राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में एक शासनादेश जारी किया है। बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक के लिए २७ सितंबर २०१६ के शासनादेश के अनुसार, उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में एक सार्वजनिक ट्रस्ट व संस्था गठित की गई थी। उद्धव ठाकरे ने २०१९ में न्यास के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। स्मारक के पदेन सदस्यों को छोड़कर अध्यक्ष और अन्य सदस्यों के पद भरने संबंधी आदेश १३ मार्च २०२० को जारी किए गए थे।
दो सदस्यों के पद रिक्त
शासनादेश के अनुसार, उद्धव ठाकरे, सुभाष देसाई और आदित्य ठाकरे को पांच वर्षों के लिए नियुक्त किया गया है, जबकि पराग आलवणी और शिशिर शिंदे को तीन वर्षों के लिए सदस्य पद के लिए चुना गया है। राज्य के मुख्य सचिव, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, विधि व न्याय विभाग के प्रधान सचिव, मुंबई मनपा के आयुक्त स्मारक के पदेन सदस्य हैं। शासनादेश में यह भी जिक्र किया गया है कि स्मारक के दो सदस्य पद रिक्त हैं और उन्हें सामान्य सदस्यों में से भरा जाना है।

‘बालासाहेब राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट’ के अध्यक्ष पद पर उद्धव ठाकरे की नियुक्ति से
शिवसैनिकों में उल्लास!
बालासाहेब राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष पद पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की नियुक्ति को लेकर शिवसैनिकों में भारी उल्लास है। देशभर से शिवसैनिकों की ओर से शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे को बधाई के संदेश आ रहे हैं। लोग सोशल मीडिया पर जमकर शुभकामनाएं देते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं और साथ में संदेश भेज रहे हैं।
यूपी शिवसेना के संपर्कप्रमुख दिनेश बोहरा ने राजस्थान एवं यूपी के सभी शिवसैनिकों की ओर से शिवसेनापक्षप्रमुख को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की नियुक्ति को लेकर शिवसैनिकों में हर्ष का वातावरण है। राजस्थान के हनुमानगढ़ी जिलाप्रमुख अजय पाल सिंह श्रीवास्तव ने भी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि १६ नवंबर २०२५ का दिन हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। माननीय उद्धव ठाकरे साहेब को बालासाहेब राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने से हम सभी हर्षित हैं। यह निर्णय करोड़ों शिवसैनिकों की भावनाओं का सम्मान करता है। शिवसेना जिला इकाई हनुमानगढ़ (राजस्थान) ने इस अवसर पर एकमत होकर यह संदेश दिया कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों और शिवसेना की विचारधारा को पूरे राजस्थान में और मजबूती के साथ जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही शिवसेना संगठन की राजस्थान इकाई की ओर से राज्यप्रमुख पदम जैन ने शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट का उद्धव ठाकरे को अध्यक्ष बनाने से शिवसैनिकों में ही नहीं हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के अनुयायियों में खुशी की लहर है।
इस मामले को लेकर शिवसैनिक सुमित जाधव ने भी खुशी व्यक्ति की है। दहिसर में रहने वाले सुमित जाधव ने कहा कि उक्त स्मारक के अध्यक्ष पद पर शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे की नियुक्ति से स्मारक का निर्माण कार्य तेज गति से होगा। जाधव ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों को सुनने और पढ़ने के लिए उपलब्ध सामग्रियों का संग्रह हम सभी को यहां मिलेगा।
संघर्ष करने की प्रेरणा मिलेगी
एडवोकेट मिराज शेख ने कहा कि हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे जैसे महान विचारों वाले महापुरुष के जीवन को पढ़ने, समझने की नई पीढ़ी को आवश्यकता है। उनके इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक से लोगों को मातृभूमि के प्रति प्रेम और अपने लोगों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा मिलेगी। शेख ने कहा कि केवल महाराष्ट्र में ही नहीं, बालासाहेब ठाकरे इस समय पूरे विश्व के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं और उनके प्रेरणास्थल पर विश्व भर से लोग आना चाहते हैं।
