मुख्यपृष्ठनए समाचारदेश मे बेरोजगारी, मंहगाई, कृषि-किसान और बिजली मुद्दा हैं, हिंदू-मुस्लिम नहीं-चंद्रशेखर

देश मे बेरोजगारी, मंहगाई, कृषि-किसान और बिजली मुद्दा हैं, हिंदू-मुस्लिम नहीं-चंद्रशेखर

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

“सत्ता परिवर्तन यात्रा” के दौरान नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि हिंदू-मुस्लिम राजनीति से देश का भला नहीं हो सकता। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और बिजली व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बताया। शामली के बनत क्षेत्र में आयोजित सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और चंद्रशेखर आजाद ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम की राजनीति से देश का भला नहीं हो सकता और जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि यदि समाज समय रहते एकजुट नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है और युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। राजनीति का केंद्र जनता की बुनियादी समस्याएं होनी चाहिए।
आजाद ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के माध्यम से किसानों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। बिजली कटौती के कारण आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार के पास जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस योजना नहीं है और वह लोगों को विभाजित करने की राजनीति कर रही है।
समाज में भाईचारा और एकता कायम रहने से देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली जा सकती हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और सामाजिक मजबूती के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
चंद्रशेखर बोले कि वह पिछले 15 वर्षों से गरीबों, किसानों और अन्य वर्गों के हकों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कॉकरोच पार्टी अभी नई है। उनकी यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। ट्रेड डील के नाम पर किसानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह निर्णय किसानों के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है। किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सभा के बाद सत्ता परिवर्तन यात्रा लिलौन से शुरू होकर अजंता चौक तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा।

अन्य समाचार