मुख्यपृष्ठसमाचारवसई-विरार मनपा ने सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वाले नागरिकों से वसूलेगी...

वसई-विरार मनपा ने सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वाले नागरिकों से वसूलेगी जुर्माना

राधेश्याम सिंह / वसई

वसई-विरार शहर में सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों से मनपा वसूलेगी जुर्माना,शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए महापालिका ने नौ प्रभागों में 60 क्लीन-अप मार्शल की नियुक्ति की है। पिछले तीन महीनों में ही लगभग 25 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। महापालिका की स्वच्छता जागरूकता मुहिम के बावजूद कुछ नागरिक सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और गलियों में थूकना, कचरा फेंकना और गंदा पानी छोड़ना जैसी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे। इन कृत्यों से न केवल शहर की स्वच्छता और सुंदरता पर असर पड़ रहा है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
क्लीन-अप मार्शल की सख्त निगरानी

महा नगर पालिका के घनकचरा प्रबंधन विभाग ने ऐसे लोगों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत तैनात क्लीन-अप मार्शल अब सार्वजनिक स्थल, रेलवे स्टेशन परिसर, बस स्थानक, स्कूल-कॉलेज, होटल-रेस्टोरेंट और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। इन मार्शलों को गंदगी फैलाने वालों पर मौके पर ही दंडात्मक कार्रवाई और जुर्माना वसूलने का अधिकार दिया गया है। महानगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में यह कार्रवाई और भी सख्त की जाएगी।
नागरिकों से अपील-“शहर को अपना समझें” : महापालिका ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अस्वच्छता न फैलाएँ और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।अर्चना दिवे, ( उपायुक्त, घनकचरा प्रबंधन विभाग, वसई-विरार महापालिका) ने कहा कि, “वसई-विरार को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। जो लोग अस्वच्छता फैलाते हैं, उनके खिलाफ क्लीन-अप मार्शल द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।
शहर स्वच्छ, नागरिक स्वस्थ
महापालिका ने कहा है कि शहर की स्वच्छता न केवल उसके सौंदर्य की पहचान है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य से भी जुड़ी हुई है। आने वाले दिनों में “स्वच्छ वसई-विरार, स्वस्थ वसई-विरार” के लक्ष्य के साथ स्वच्छता अभियान और तेज़ किया जाएगा।

अन्य समाचार