सामना संवाददाता / नैनीताल
अपनी नैसर्गिक सुंदरता के लिए विश्वभर में अलग पहचान रखने वाले खूबसूरत शहर नैनीताल की प्रसिद्ध मॉल रोड पर आगामी 1 अगस्त से वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूरी तरह रोक लगा दी जाएगी।
यह नियम तल्लीताल से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड तक लागू रहेगा। इसके लिए पूरी मॉल रोड पर जगह-जगह ‘नो हॉर्न’ के बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा सके।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि झील के अलावा मॉल रोड की भी अपनी अलग पहचान है। इसकी खूबसूरती को बरकरार रखने और देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को शांत वातावरण में सैर का अनुभव कराने के उद्देश्य से यह नियम लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई इस नियम की अनदेखी करता है, तो उसके विरुद्ध जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
