मुख्यपृष्ठसमाचारफौजी बनने का सपना अधूरा रह गया, रेलवे ट्रैक पर बुझ गई...

फौजी बनने का सपना अधूरा रह गया, रेलवे ट्रैक पर बुझ गई 19 वर्षीय शिवदीप की जिंदगी

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर जोन के घूरपुर थानाक्षेत्र के मनकवार गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय शिवदीप यादव की मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से हुई इस घटना ने एक परिवार के सपनों को हमेशा के लिए बिखेर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बारा क्षेत्र के छिड़ी गांव के गौंदलापुर मजरा निवासी किसान लालजी यादव के सबसे छोटे पुत्र शिवदीप यादव के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
देश की सेवा का सपना अधूरा रह गया
शिवदीप यादव पॉलीटेक्निक का मेधावी छात्र था। शांत, विनम्र और मेहनती स्वभाव के शिवदीप की आंखों में भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना था। उसने सेना भर्ती की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली थी और अब केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल) शेष थी। परिवार को पूरा विश्वास था कि उनका बेटा जल्द ही फौजी बनकर घर और गांव का नाम रोशन करेगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर शिवदीप घर से निकला था। देर शाम घूरपुर थाना क्षेत्र के मनकवार गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती दौर में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में सोशल मीडिया पर युवक की तस्वीर वायरल होने के बाद परिजन घूरपुर थाने पहुंचे और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान शिवदीप यादव के रूप में की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, गांव में पसरा मातम
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के सेना में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनने के सपने संजोए गए थे, उसकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव के लोगों ने भी इस होनहार युवक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

अन्य समाचार