मुख्यपृष्ठसमाचारबांघबरी मठ में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 10 हजार...

बांघबरी मठ में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

राजेश सरकार / प्रयागराज

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री मठ बांघबरी गद्दी में श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपराओं का भव्य संगम देखने को मिला। बुधवार प्रातः ब्रह्ममुहूर्त में चार बजे से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला देर तक चलता रहा। भगवान श्री बांघबरेश्वर महादेव का पूजन 51 ब्रह्मचारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया। इसके बाद महाभिषेक, श्री विष्णु सहस्त्रनाम महायज्ञ तथा ग्रहशांति पूजन 21 ब्राह्मणों के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।
सुबह सात बजे गुरुदेव स्वर्गीय महंत नरेंद्र गिरि जी महाराज की समाधि पर अभिषेक एवं गुरु पूजन किया गया। इसके उपरांत श्रीमठ बांघबरी पीठाधीश्वर महंत बलबीर गिरि जी महाराज का शिष्यों ने विधिवत चरण पूजन कर गुरु मंत्र की दीक्षा प्राप्त की। गुरु दीक्षा का क्रम सुबह आठ बजे से 11 बजे तक चलता रहा। गुरु मंत्र ग्रहण करने के लिए मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, ओडिशा, महाराष्ट्र समेत दक्षिण भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिष्य मठ पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोपहर में भोग, आरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में विभिन्न अखाड़ों के महात्माओं और महंतों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर पूरे मठ परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अन्य समाचार