मुख्यपृष्ठनए समाचारवार्ड ५० को मिलेगा सशक्त, शिक्षित और युवा नेतृत्व...तन्वी राव ने सामने...

वार्ड ५० को मिलेगा सशक्त, शिक्षित और युवा नेतृत्व…तन्वी राव ने सामने रखा विकास का विजन

मनपा चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह अपने वार्ड के भविष्य, अपने बच्चों के कल और अपने जीवन की गुणवत्ता तय करने का अवसर भी है। गोरेगांव-पूर्व के वार्ड क्रमांक ५० से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की युवा उम्मीदवार तन्वी राव इसी सोच के साथ जनता के बीच हैं। सबसे अहम बात यह है कि तन्वी राव स्थानीय उम्मीदवार हैं। इसलिए वे वार्ड की समस्याओं से अच्छी तरह परिचित हैं। प्रस्तुत है जमीनी स्तर पर सक्रिय, शिक्षित और ऊर्जावान तन्वी राव से ‘दोपहर का सामना’ के संवाददाता संदीप पांडेय की विशेष बातचीत के प्रमुख अंश।
सवाल: आप राजनीति में क्यों आर्इं?
जवाब: मैं इस वार्ड की बेटी हूं, यहीं पली-बढ़ी हूं। यहां की हर गली, हर समस्या मेरी अपनी है। मेरे पिता दिनेश राव वर्षों से जनसेवा में लगे हैं। वो शिवसेना के उपविभागप्रमुख हैं। इस बार उन्होंने यह जिम्मेदारी मुझे सौंपी है। मैं इसे केवल चुनाव नहीं, बल्कि सेवा का अवसर मानती हूं।
सवाल: आपकी कार्यशैली कैसी रहेगी?
जवाब: समस्याओं का हल ऑफिस में बैठकर नहीं निकलता। मैं जनता के बीच रहूंगी, मौके पर जाकर निरीक्षण करूंगी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करूंगी। मेरी प्राथमिकताएं हैं, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सशक्त बनाना, मुफ्त जांच शिविर, महिलाओं-बच्चों के लिए विशेष योजनाएं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मोबाइल हेल्थ सेवा मेरी प्राथमिकता होगी।
सवाल: वार्ड की अस्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर आपका क्या कहना है?
जवाब: स्वच्छता शिवसेना की पहचान रही है। आधुनिक कचरा प्रबंधन, समय पर नालों की सफाई, नियमित फॉगिंग और नागरिकों की भागीदारी से वार्ड को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाया जाएगा। केशरबाई चॉल, वाशरी हिल, भोलेदेव मंदिर परिसर, शंकरनगर, चिंचोलीगांव, भीखीबाई चॉल जैसे स्लम क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और पुनर्विकास को गति देना मेरा संकल्प है।
सवाल: डिजिटल शिक्षा और युवा सशक्तीकरण पर आपका दृष्टिकोण?
जवाब: मेरा मानना है कि शिक्षित युवा ही बदलाव लाते हैं। मनपा और सरकारी स्कूलों के ढांचे में सुधार, डिजिटल शिक्षा, पुस्तकालयों का विकास और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मदद दी जाएगी। युवाओं के लिए खेल मैदान, जिम, कौशल विकास केंद्र, करियर मार्गदर्शन और रोजगार मेले मेरी योजना का हिस्सा हैं।
सवाल: महिला सुरक्षा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आपकी प्राथमिकताएं?
जवाब: महिला सुरक्षा के लिए पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, सुरक्षित सार्वजनिक स्थल, महिला सहायता केंद्र और स्वरोजगार प्रशिक्षण जरूरी हैं। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर, नियमित स्वास्थ्य जांच और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देना मेरी प्राथमिकता होगी।
वार्ड ५० यदि तन्वी राव जैसी शिक्षित, युवा और ऊर्जावान जनप्रतिनिधि को चुनता है तो यहां निश्चित ही सशक्त, संवेदनशील और जवाबदेह नेतृत्व की नई शुरुआत होगी। बता दें कि तन्वी राव गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब की डायरेक्टर तथा महिला विभाग की अध्यक्ष भी हैं।

अन्य समाचार