‘ऑफिस-ऑफिस’ के नए सीजन में मुसद्दी लाल की बेटी ‘अनोखी’ का किरदार निभा रहीं श्रुति शर्मा ने अपने संघर्ष भरे सफर को याद किया। प्रतापगढ़ से मुंबई तक का सफर तय करने वाली श्रुति ने बताया कि इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले वह कास्टिंग फ्रॉड का शिकार हो गई थीं। एक व्यक्ति ने खुद को कास्टिंग डायरेक्टर बताकर उन्हें टीवी शो में काम दिलाने का झांसा दिया और रजिस्ट्रेशन के नाम पर १० से १५ हजार रुपए मांग लिए। उस समय श्रुति स्कूल में पढ़ाती थीं और उनकी मासिक तनख्वाह केवल ३ हजार रुपए थी। उन्होंने बड़ी मुश्किल से पैसे जमा कर उस व्यक्ति को भेज दिए, लेकिन बाद में उसका फोन बंद हो गया और वह गायब हो गया। इस घटना ने उन्हें गहरा झटका दिया और वह काफी रोईं। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार संघर्ष करती रहीं। कई रिजेक्शन झेलने के बाद उन्हें पहला बड़ा मौका मिला। आज श्रुति टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं।
