राजेश सरकार / प्रयागराज
बंधवा के बड़े हनुमान मंदिर का द्वार समस्त भक्तों के दर्शन के लिए बृहस्पतिवार को खोल दिया गया। मां गंगा, यमुना और सरस्वती के पावन संगम का जल मंदिर से प्रस्थान कर जाने के बाद बृहस्पतिवार को साफ-सफाई के बाद हनुमान जी महाराज का षोडशोपचार पूजन, महाभिषेक भव्य श्रृंगार आरती कर मन्दिर समस्त भक्तों के लिए खोल दिया गया। ध्यान दिला दें कि मंगलवार को तीनों नदियों का संगम जल मंदिर में प्रवेश कर गया था। बुधवार को देर रात जलस्तर घटा तो मंदिर से नदियों का पानी बृहस्पतिवार को हनुमान जी को स्नान व जल शयन कराने के बाद तेजी से घटना शुरू हो गया। शाम होने तक पानी मंदिर से बाहर निकल कर दूर जा चुका था।
